शिक्षा और रोजगार
अलीकां पैक्स में वित्तीय अनियमितताएं को लेकर एसआईटी जांच पूरी
जांच में खाद, कैश इन हैंड, कर्मचारियों की नियुक्ति तथा एरियर-वेतन से जुड़े मामलों में करीब 56 लाख रुपये की अनियमितताएं सामने आई
ओढ़ां, (सच कहूँ/राजू)। गांव अलीकां की बहुउद्देश्यीय कृषि सहकारी समिति (पैक्स) में तत्कालीन प्रबंधक सोहन लाल के कार्यकाल में हुई वित्तीय अनियमितताओं की जांच करीब सात माह बाद पूरी हो गई है। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट सहायक रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां) डबवाली को सौंप दी है। जांच में खाद, कैश इन हैंड, कर्मचारियों की नियुक्ति तथा एरियर-वेतन से जुड़े मामलों में करीब 56 लाख रुपये की अनियमितताएं सामने आई हैं। Sirsa News
विभाग ने संबंधित लोगों से रिकवरी और सरचार्ज की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच के दौरान आम सभा के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए गए। एक सेल्समैन को दिए गए 7.60 लाख रुपये के एरियर का स्पष्ट लेखाजोखा नहीं मिला। संबंधित व्यक्ति ने एसआईटी को बताया कि उसने पैक्स से कोई राशि नहीं ली और न ही उसकी नियुक्ति हुई थी। वहीं तत्कालीन प्रबंधक सोहन लाल ने भुगतान किए जाने की बात कही। वर्ष 2024 की आम सभा में उक्त व्यक्ति को वर्ष 2007 से सेल्समैन मानने का प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसके बाद एरियर भुगतान का मामला सामने आया।
नियमों के विपरीत हुआ वेतन भुगतान
सूत्रों के अनुसार, कुछ कर्मचारियों को विभागीय नियमों के विपरीत करीब साढ़े सात लाख रुपये वेतन के रूप में दिए जाने की अनियमितता भी जांच में सामने आई है। सहायक रजिस्ट्रार डबवाली संजीव कौशिक ने सोहन लाल के कार्यकाल में आम सभा से संबंधित कुछ प्रस्तावों को पहले ही रद्द कर दिया था। तत्कालीन प्रबंधक सोहन लाल ने कहा कि उनके पास अलीकां और डबवाली दोनों पैक्स का कार्यभार था। अलीकां पैक्स में खाद वितरण और लेखाजोखा सेल्समैन अरुण व जगदीश देखते थे। Sirsa News
उन्होंने सामने आई अनियमितताओं के लिए दोनों को जिम्मेदार बताया। बताया गया कि सेल्समैन अरुण कुमार का नाम वर्ष 2017 के एक बड़े घोटाले में भी सामने आया था। इसके बाद उसे हटाया गया, लेकिन बाद में दोबारा नियुक्त कर दिया गया। सोहन लाल ने आम सभा में उसकी नियुक्ति का प्रस्ताव रखा था। एआर द्वारा प्रस्ताव रद्द किए जाने के बाद जगदीश, अरुण और रानी देवी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
डबवाली पैक्स में 47 लाख की रिकवरी
डबवाली पैक्स में भी सोहन लाल के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2023-24 में खाद, कैश इन हैंड और फर्जी लोन से जुड़ी करीब 47 लाख रुपये की अनियमितता सामने आई थी। एसआईटी जांच के बाद आरोपी प्रबंधक और सेल्समैन संदीप ने करीब डेढ़ माह पहले 47 लाख रुपये रिकवरी के रूप में जमा करवा दिए थे। हालांकि ब्याज की राशि अभी जमा होना बाकी है।
आरोपियों पर होगी कार्रवाई: कौशिक
सहायक रजिस्ट्रार संजीव कौशिक ने बताया कि अलीकां पैक्स मामले में एसआईटी जांच पूरी हो चुकी है और रिपोर्ट विभाग के पास है। फिलहाल रिकवरी और सरचार्ज की कार्रवाई चल रही है। जांच में जो भी आरोपी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि डबवाली पैक्स में 47 लाख रुपये की रिकवरी हो चुकी है, जबकि ब्याज की राशि अभी बाकी है। Sirsa News