शिक्षा और रोजगार
ब्लैकमेलिंग, झूठे मुकदमे में फंसाने और अपहरण कर जान से मरवाने की धमकी
अधिवक्ता को धमकी देने पर मां-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। जमीन की रजिस्ट्री के लेन-देन को लेकर एक अधिवक्ता को कथित रूप से धमकाने और एक लाख रुपए की अतिरिक्त रकम मांगने के मामले में भादरा थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अदालत में पेश इस्तगासे के आधार पर दर्ज एफआईआर में भिवानी, हरियाणा निवासी नीलम सोनी पत्नी रविन्द्र सोनी और उसके बेटे योगेश कुमार को आरोपी बनाया गया है। Hanumangarh News
परिवाद के अनुसार हाथीपुराबास, भादरा निवासी विनोद कुमार शर्मा (55) पुत्र ओमप्रकाश ब्राह्मण अधिवक्ता एवं भारत सरकार के नोटेरी पब्लिक हैं। परिवादी के अनुसार उन्होंने आरोपी नीलम सोनी के पति रविन्द्र सोनी की जमीन की रजिस्ट्री का कार्य करवाया था। रजिस्ट्री से संबंधित लेन-देन के दौरान नीलम सोनी ने अपने बेटे योगेश कुमार के माध्यम से परिवादी के बैंक खाते में 50-50 हजार रुपए की दो किश्तों में कुल एक लाख रुपए जमा करवाए थे।
परिवादी का कहना है कि रजिस्ट्री का कार्य पूरा होने के बाद हिसाब-किताब करने पर उसने उक्त एक लाख रुपए बैंक ट्रांसफर के जरिए योगेश कुमार के खाते में वापस लौटा दिए थे। इस्तगासे में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद नीलम सोनी और योगेश कुमार ने आपस में साठगांठ कर परिवादी से कथित रूप से एक लाख रुपए और ऐंठने की नीयत से अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन करना शुरू किया। Hanumangarh News
परिवादी ने आरोप लगाया कि उसे ब्लैकमेल करते हुए रजिस्ट्री के बदले और रुपए देने के लिए दबाव बनाया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि अतिरिक्त रुपए नहीं दिए तो उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाकर उसे बदनाम कर दिया जाएगा। साथ ही गुंडों के माध्यम से उसका अपहरण करवाकर जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
परिवादी ने इस्तगासे में कहा कि इन कथित धमकियों के कारण उसकी सामाजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने का खतरा है तथा उसे अपनी जान-माल को लेकर लगातार भय बना हुआ है। अदालत से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर भादरा थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल अशोक कुमार को सौंपी गई है। पुलिस जांच में अब फोन कॉल, बैंक लेन-देन और धमकियों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी। Hanumangarh News