Fraud: पुलिस कर्मचारी बनकर 4 लाख की ठगी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार
वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया
हिसार, (सच कहूँ/मुकेश)। थाना उकलाना पुलिस ने पुलिस कर्मचारी बनकर 4 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। वहीं, 4 लाख रुपये लेकर फरार हुए दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि भिवानी निवासी साहिल ने शिकायत दी थी कि हसनगढ़ निवासी आजाद ने कम रकम लगाकर तीन गुना राशि देने का लालच दिया था। इसके बाद उसे बरवाला, लितानी मोड़ और प्रभूवाला रोड पर बुलाया गया। Hisar News
वहां सन्नी निवासी बोबुआ और राहुल निवासी हसनगढ़ पहुंचे। सन्नी ने 4 लाख रुपये लेकर राहुल के बैग में रख दिए। इसके बाद एक अर्टिगा गाड़ी में चार लोग पहुंचे। शिकायतकर्ता के अनुसार, इनमें दो ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी, जबकि एक ने खुद को सीआईए कर्मचारी बताया। संदेह होने पर शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बलजीत सिंह निवासी प्रेमनगर, नरवाना और राहुल 4 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
इस मौके पर मौजूद नरेश कुमार, सिकंदर और रोबिन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्टिगा की तलाशी में दो अलग-अलग नंबर प्लेट मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से कम रकम को कुछ ही समय में कई गुना करने के लालच से बचने और किसी भी संदिग्ध लेनदेन से पहले पूरी जांच करने की अपील की। Hisar News