बच्चों की मार्कशीट पर अब नहीं लिखा जाएगा 'फेल' : शिक्षा मंत्री

बच्चों की मार्कशीट पर अब नहीं लिखा जाएगा 'फेल' : शिक्षा मंत्री

Published On

पटना।  बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि मैट्रिक और इंटर के बच्चों की मार्कशीट पर अब 'फेल' शब्द नहीं लिखा जाएगा। तिवारी ने कहा कि इस परिवर्तन के लिए नियम में बदलाव किया जाएगा, जिसके बाद शिक्षा विभाग शीघ्र ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवश्यक निर्देश जारी करेगा। 'फेल' की जगह प्रमाण पत्र पर 'कौशल के लिए पात्र' शब्द का प्रयोग किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने गुरुवार की रात विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद कहा कि बच्चों के मनोबल को बनाए रखना जरूरी है। किसी परीक्षा में अपेक्षित अंक नहीं आने से बच्चे की प्रतिभा खत्म नहीं हो जाती। इसलिए प्रमाण पत्र पर 'फेल' जैसे शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

तिवारी ने कहा कि मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं चलाई जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देना और उनकी सफलता सुनिश्चित करना है। बैठक में 5 सितंबर को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस समारोह का उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी करेंगे। इस अवसर पर दोनों उप मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री चौधरी इस दौरान शिक्षक सहयोग पोर्टल की भी शुरुआत करेंगे। हर जिले से एक-एक चयनित शिक्षक को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में चयनित पटना के 10 मॉडल स्कूलों के बच्चों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा डायट, एससीईआरटी और शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों के शिक्षकों को भी समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने बिहार शिक्षा परियोजना परिषद सहित विभिन्न विभागों के आय-व्यय का ब्यौरा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में विभाग के सचिव राजीव रौशन, विशेष सचिव धर्मेन्द्र कुमार समेत सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

About The Author

Related Posts