नवजात की मौत पर परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
थाना पहुंचकर अरोपी महिला चिकित्सक के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
मोरना (सच कहूँ न्यूज़)। Morna News: नवजात की मौत व जच्चा की तबियत बिगड़ने पर गुस्साए रुड़कली के ग्रामीणों ने महिला चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ककरौली थाने पर पहुंच कर कार्रवाई की मांग की है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव रुड़कली तालाब अली निवासी नवीन कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह उसकी गर्भवती पत्नी सोनी को प्रसव पीड़ा होने पर वह ककरौली थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा सादात में स्थित कथित नर्सिंग होम पर सोनी को लेकर आये।जहां उन्होंने महिला चिकित्सक को सोनी के पूर्व में दो ऑपरेशन होने की जानकारी दी।आरोप है कि महिला चिकित्सक ने 25 हज़ार में सकुशल प्रसव कराने की गारंटी लेकर चिकित्सा शुरू की किन्तु सोनी की तबियत बिगड़ने गुरुवार की सुबह सवेरे उसे मुज़फ्फरनगर के निजी अस्पताल में ले जाया गया।जहां सोनी ने मृत बालक को जन्म दिया।
महिला की हालत गम्भीर बनी हुई है।महिला की सास बृजेश ने बताया की सोनी के बेहड़ा सादात की महिला चिकित्सक की लापरवाही के कारण नवजात की मौत हुई है।उसके गर्भाशय आदि भी क्षतिग्रस्त हुआ है।जिसकी ज़िम्मेदार अरोपी महिला चिकित्सक है। थाने पर पहुंचे प्रधान नजाकत अली,रॉबिन, रविंद्र, सोनू, प्रेम ,कपिल, बाबूराम, सरोज सिंह, गौतम, लोधा, धीरज, सुमित, सचिन, सूरज, मोनू, सोनू ,आकाश, शादाब ,ज्योति,सुनिता, कमलेश, राजेंदरी, बीरमति, सुमन, नरेश, बीरी, दलवीरी ,कुसुम गुड्डी आदि ने थाने पर तहरीर देकर अरोपी महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मामले से अवगत कराया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा आख्या देने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।