नपा ठेकेदार की हठधर्मिता से बिगड़ी बात, धरने पर बैठे श्रद्धालु

कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित प्राचीन पीयूष अयन आश्रम के सामने डिवाइडर कट दिए जाने की मांग कर रहे थे श्रद्धालु

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News:  कस्बे के मुख्य मार्ग पर नगरपालिका परिषद कैराना द्वारा बनाए जा रहे डिवाइडर में प्राचीन पीयूष अयन आश्रम के सामने कट नहीं दिए जाने पर श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। श्रद्धालु नपा ठेकेदार पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए आश्रम की तालाबंदी करके धरने पर बैठ गए। बाद में एसडीएम कैराना के डिवाइडर में कट दिए जाने के आश्वासन पर श्रद्धालुओं ने धरना समाप्त किया। वहीं, श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर महामंडलेश्वर राम बालक दास व योगी डॉ. गौतम नाथ ने भी मौके पर पहुंचकर नाराजगी व्यक्त की। 

नगरपालिका परिषद कैराना के द्वारा कस्बे के मुख्य मार्ग पर डिवाइडर निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। वहीं, कस्बे के श्रद्धालु प्राचीन पीयूष अयन आश्रम के सामने डिवाइडर कट दिए जाने की मांग कर रहे है। आरोप है कि नगरपालिका के ठेकेदार द्वारा डिवाइडर निर्माण हेतु आश्रम के सामने से भी जेसीबी मशीन से सड़क की खुदाई करा दी। गुरुवार सुबह डिवाइडर में कट नही दिए जाने की सूचना से श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। कुछ देर में ही दर्जनों महिला व पुरुष श्रद्धालु आश्रम पर पहुंच गए। उन्होंने आश्रम के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी और धरने पर बैठ गए। श्रद्धालुओं ने ठेकेदार पर हठधर्मिता का आरोप लगाया। श्रद्धालुओं का आरोप था कि धार्मिक स्थल के सामने आवागमन के लिए कट नहीं छोड़ा जा रहा, जबकि पास में ही स्थित निजी कॉलोनी के सामने कॉलोनाइजर को लाभ पहुंचाने के लिए कट देने की योजना है।

श्रद्धालुओं का कहना था कि डिवाइडर बनने से आश्रम आने-जाने में परेशानी होगी। वहीं, मामले की जानकारी मिलने पर अयोध्या धाम के महामंडलेश्वर राम बालक दास एवं योगी डॉ. गौतम नाथ भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान प्राचीन धार्मिक स्थलों की गरिमा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। धार्मिक स्थलों पर आवागमन प्रभावित होने से श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने नपा प्रशासन से वार्ता करके समस्या का निराकरण कराया।

एसडीएम के डिवाइडर में कट दिए जाने के आश्वासन पर श्रद्धालुओं ने अपना धरना समाप्त किया। इस दौरान भाजपा नेता अनिल चौहान, सभासद शगुन मित्तल, भाकियू नेता ईनाम चौधरी उर्फ कालू, संपूर्ण उत्तर-प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष प्रदीप गोयल, वरिष्ठ पदाधिकारी संजय राजवंशी व संजय कंबोज, सभासद शगुन मित्तल एडवोकेट, सभासद पति सागर गर्ग, चौधरी गुरदीप सिंह, पप्पू कंबोज, बिट्टू वर्मा, विक्की प्रधान, सुशील पंडित, अनुज, बाला व मुनेश समेत अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

सभासद ने की इण्टर कॉलिज के सामने कट दिए जाने की मांग

धरनास्थल पर मौजूद नगरपालिका परिषद के वार्ड संख्या-15 के सभासद शगुन मित्तल एडवोकेट ने पब्लिक इंटर कॉलेज के सामने डिवाइडर में कट दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पब्लिक इण्टर कॉलिज के प्रांगण में प्रतिवर्ष विशाल कांवड़ सेवा शिविर आयोजित किया जाता है, इसलिए शिवभक्तों की सुविधा के दृष्टिगत वहां पर भी डिवाइडर में कट की व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं, मौके पर उपस्थित नगरपालिका के अवर अभियंता राहुल कुमार ने सभासद को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Kairana News (2)

 

About The Author

Related Posts