उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान की साध-संगत ने धूमधाम से मनाया पावन एमएसजी अवतार माह का भंडारा

राम-नाम जपने से फायदा ही फायदा, खुशियां ही खुशियां: पूज्य गुरु जी

Published On

MSG August Bhandara: बरनावा/बुधरवाली, (सच कहूँ न्यूज)। सच्चे रूहानी रहबर व समाज सुधारक पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन एमएसजी अवतार माह की खुशी में आज रविवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की साध-संगत ने एमएसजी डेरा सच्चा सौदा व मानवता भलाई केन्द्र, शाह सतनाम जी डेरा, बरनावा, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) में और राजस्थान की साध-संगत ने एमएसजी डेरा सच्चा सौदा व मानवता भलाई केन्द्र मौजपुर धाम, बुधरवाली, जिला श्रीगंगानगर में पावन एमएसजी भंडारा मनाया। पावन भंडारे में उमस भरी भीषण गर्मी के बावजूद भारी संख्या में साध-संगत ने शिरकत की। MSG Bhandara

इस अवसर पर पूज्य गुरु जी के पावन सान्निध्य में चलाए जा रहे मानवता भलाई के 176 कार्यों के तहत ‘क्लॉथ बैंक मुहिम’ के तहत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान की साध-संगत ने 59-59 जरूरतमंद बच्चों को मौसम के अनुसार वस्त्र वितरित किए। सुबह 9 बजे पवित्र भंडारे की नामचर्चा सत्संग का आगाज हुआ। भंडारे की शुरूआत पवित्र शाही नारा ‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ के साथ की गई। इसके बाद कविराजों ने भक्तिमय भजनों के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया।

इस पवित्र भंडारे के अवसर पर साध-संगत ने एकाग्रचित होकर शब्दवाणी श्रवण की और पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पवित्र अनमोल वचनों को सुना। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां ने फरमाया कि ये महीना सच्चे दाता रहबर शाह मस्ताना जी, शाह सतनाम जी ने एमएसजी भंडारे के रूप में मनाया, मना रहे हैं और मनाते रहना है। तो आप सबको एमएसजी भंडारे की मालिक बहुत-बहुत खुशियां दे और दृढ़ यकीन बख्शे। सबको बहुत-बहुत आशीर्वाद।

प्यारी साध-संगत जीओ, सांईं मस्ताना जी दाता रहबर ने, शाह सतनाम जी दाता ने सच्चा सौदा बनाया, चलाया, सजाया और वो चला रहे हैं। इतना सीधा यानि सरल, आसान सौदा है कि आप कल्पना नहीं कर सकते। क्या आपने कभी सुना है कि देना वो पड़े जो खोटा सिक्का हो और बदले में वो मिले जो अरबों का काम करे। सांईं जी ने वचन कर दिए, परमपिता जी ने वचन कर दिए कि आओ! अपना खोटा सिक्का दे जाओ, आपके अंदर जो कमियां हैं, काम-वासना, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, मन, माया, नशा करते हो, बुरी आदतें और माँसाहार, जो भी बुराई आपके अंदर की है, वो दे जाओ।

ऐसा सौदागर कभी सुना नहीं पहले, ना ही ऐसा पढ़ा कि ये सारा दे जाओ और एक पैसा दुनियावी, रुपया, पैसा, धन-दौलत, धर्म परिवर्तन कुछ नहीं करना, बस उस ओउम्, उसे अल्लाह कहो, वाहेगुरु कहो, गॉड, खुदा, रब्ब, उसका गुरमंत्र, उसका तरीका, उसका मैथड ले जाओ, ये अनमोल है, जो एक स्वांस में त्रिलोकी पार करके भगवान के दर्शन करवा सकता है। तो इतना अनमोल खज़ाना और देना क्या पड़ा। अपनी टैंशनें दे गए, बुराइयां दे गए, ये सब छोड़ गए और बदले में इतना बड़ा धन ले गए, इसी का नाम सच्चा सौदा सांईं मस्ताना जी ने रखा, शाह सतनाम जी ने बताया।  पूज्य गुरु जी ने फरमाया कि सच्चे सौदे में जब आप चलकर आते हैं, यहां से कुछ लेकर जाते हैं, यहां से कुछ हासिल करके जाते हैं, खाली हाथ नहीं जाते और अच्छा हासिल करके जाते हैं, बुराइयां छोड़कर जाते हैं।

आपजी ने आगे फरमाया, ‘सुन रे प्राणी, तू राम-नाम जप ले, जपने से खत्म होंगे बहुत से खतरे’। आदमी सोचता है कि मैं राम का नाम क्यों जपूं? क्या फ़र्क पड़ने वाला है? ‘सुन रे प्राणी तू राम-नाम जप ले’ कि भाई सुना, हाथ जोड़कर कह रहे हैं 1948 से, कि राम-नाम जप लो भाई और इससे क्या होगा? आने वाले और जो चल रहे और जो पिछले गुज़र गए, सारे ही ख़तरे आत्मा के सामने जो खड़े हैं खत्म हो जाएंगे। 

पूज्य गुरु जी ने आगे फरमाया कि कोई पैसा नहीं लगेगा, कोई अलग से चढ़ावा नहीं, कोई धर्म परिवर्तन नहीं, काम-धंधा भी ना छोड़ो। काम-धंधा करते-करते ओउम्, हरि, परमात्मा का नाम लेते रहो। हाथ कार की तरफ और ध्यान प्रभु यार की तरफ, कि हाथों से काम-धंधा, कार्य करते रहो और जीभा से परमात्मा का नाम लेते रहो, दोनों में ही बरकत ही बरकत, फायदा ही फायदा, खुशियां ही खुशियां। भंडारे के दौरान पूज्य गुरु जी के नशों के विरुद्ध गाए गीत ‘मेरे देश की जवानी’ और ‘आशीर्वाद मांओं का’ चलाए गए, जिस पर साध-संगत ने नाचकर खुशी मनाई। भंडारे की समाप्ति पर साध-संगत को लंगर छकाया गया और प्रसाद वितरित किया गया। MSG Bhandara

अवतार दिवस को लेकर दिखाई डॉक्यूमेंट्री

पावन भंडारे के दौरान पवित्र एमएसजी अवतार दिवस संबंधी डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। डॉक्यूमेंट्री में पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के अवतार धारण करने, नाम-शब्द की दात की बख्शिश, गुरुगद्दीनशीन होने, डेरा सच्चा सौदा द्वारा चलाए जा रहे 176 मानवता भलाई के कार्यों तथा भलाई कार्यों में कायम किए गए विश्व रिकॉर्डों के बारे में भरपूर जानकारी दी गई।

पावन भंडारे की झलकियाँ 

  • क्लॉथ बैंक मुहिम के तहत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान की साध-संगत ने 59-59 अति जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को कपड़े वितरित किए।
  • सड़कों पर दूर-दूर तक साध-संगत ही साध-संगत दिखाई दी।
  • पंडाल, ट्रैफिक, सफाई, लंगर सहित विभिन्न समितियों के सेवादारों ने अपनी ड्यूटियां बखूबी निभाईं।
  • तेज गर्मी को देखते हुए पीने के पानी के लिए जगह-जगह पानी की छबीलें लगाई गईं।

About The Author

Related Posts