सिपाही से मारपीट कर डंपर छीनने के आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार

दो दिन पूर्व खनन टीम द्वारा सीज किये गए डंपर को जबरदस्ती छुड़ा ले गए थे आरोपी, घटना में प्रयुक्त कार व छुड़ाया गया डंपर भी बरामद

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: दो दिन पूर्व खनन टीम में शामिल सिपाही से मारपीट करके सीज किये गए डंपर को जबरदस्ती छुड़ाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त कार व छुड़ाए गए डंपर को भी पुलिस ने बरामद किया है।

विगत 22 अगस्त की रात्रि में खनन अधिकारी सुधाकर सिंह अपनी टीम में शामिल कांस्टेबल अजीत सिंह एवं प्राइवेट चालक भूपेन्द्र सिंह के साथ कैराना कस्बे के कांधला रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टीम के द्वारा अवैध रेत से भरे दो डंपरों को रोककर चेक किया गया, जिनके पास रेत परिवहन संबंधी रॉयल्टी उपलब्ध नहीं थी। एक डंपर को खनन अधिकारी ने सीज करके यमुना ब्रिज पुलिस चौकी पर खड़ा कर दिया, जबकि दूसरे डंपर को सिपाही अजीत सिंह चौकी की ओर लेकर जा रहे था। इसी दौरान पानीपत बाईपास तिराहे पर दो कारों में सवार होकर आए अमजद, खुर्शीद, आरिस, फरमान, समरयाब, अरशद, राशिद, दिलशाद तथा दो अज्ञात ने कांस्टेबल अजीत सिंह को घेर लिया।

आरोपियों ने सिपाही के साथ में गाली-गलौज व मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सीज किये गए डंपर को जबरन छुड़ाकर अपने साथ ले गए। खनन अधिकारी ने घटना का मुकदमा कोतवाली कैराना पर दर्ज कराया। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत एसपी शामली ने आरोपियो की गिरफ्तारी हेतु कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया। इसी क्रम में मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार आपराधिक घटनाओं में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत सीज किये गए डंपर को जबरन छुड़ाकर ले जाने के मामले में नामजद पिता-पुत्र अमजद व खुर्शीद निवासीगण ग्राम गन्दराऊ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार व छुड़ाए गए डंपर को बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को चालान करके जेल भेज दिया गया है। 

About The Author

Related Posts