Traffic Challan: घरौंडा में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पटाखा बुलेट, प्रेशर हॉर्न और काली फिल्म वाले वाहनों के चालान
घरौंडा में पटाखा बुलेट और काली फिल्म वाली कारों पर एसएचओं रामलाल की कार्रवाई
घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: घरौंडा में मंगलवार को करनाल ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाली बुलेट बाइक, प्रेशर हॉर्न और कारों पर काली फिल्म लगाने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए। कई बुलेट बाइक इंपाउंड भी की गईं। कार्रवाई से बाइक चालकों में हड़कंप रहा, जबकि शहरवासियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
दो टीमों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में की जांच
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे करनाल ट्रैफिक पुलिस की दो टीमें एसएचओ रामलाल के नेतृत्व में घरौंडा पहुंचीं। एक टीम को शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर तैनात किया गया, जबकि दूसरी टीम की अगुवाई एसएचओ रामलाल ने खुद की। टीम ने रेलवे रोड से कार्रवाई शुरू की और मंडी मनीराम, तकिया बाजार, मेन बाजार, गुरु सैन चौक, अराईपुरा रोड और रेलवे रोड चौक समेत प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की।
पुलिस ने पटाखा साइलेंसर वाली बुलेट बाइक, काली फिल्म लगी कारों और प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों को रोककर चालान किए। काली फिल्म वाले कुछ वाहन चालकों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई, लेकिन बाद में वे माफी मांगते नजर आए। पुलिस ने कार्रवाई में नरमी नहीं बरती।
गली-मोहल्लों में भी एसएचओ ने खुद की बाइकों की जांच
एसएचओ रामलाल ने शहर की गलियों में भी बुलेट बाइक की जांच की। जिस बाइक से पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी, उसे मौके पर रोककर चालक को चालान थमा दिया गया। पुलिस के अनुसार दर्जनों बाइकों के चालान किए गए और कुछ को इंपाउंड भी किया गया। कार चालकों पर भी नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई।
एसएचओ रामलाल ने कहा कि घरौंडा से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पटाखा बुलेट चलाने वालों से लोग परेशान हैं। इसी के चलते अभियान चलाया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि पटाखा साइलेंसर बदलवाएं, प्रेशर हॉर्न उतरवाएं, काली फिल्म हटवाएं और अधिक आवाज करने वाले वाहनों को ठीक करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरौंडा में यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के चालान किए जाएंगे।
