गोहाना में अवैध हथियारों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित दो आरोपी गिरफ्तार

दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया

Published On

सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। पुलिस की क्राइम यूनिट गोहाना ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। कार्रवाई के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। Sonipat News

जम्मू-कटड़ा राजमार्ग के पास पकड़ा गया पहला आरोपी

पहली कार्रवाई 22 अगस्त को गांव बुटाना और खेड़ी खेड़ी के बीच जम्मू-कटड़ा राजमार्ग के जींद रोड क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि जींद जिले के गांव धातरथ निवासी अमन कथित तौर पर अवैध पिस्तौल लेकर पैदल खेड़ी खेड़ी की तरफ से आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद एक युवक पुलिस टीम को देखकर अचानक पीछे मुड़कर तेज गति से जाने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमन बताया। पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान उसकी पाजामी की दाहिनी जेब से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद थाना बरोदा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मुख्य सिपाही तरुण के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। Sonipat News

हसनगढ़ मोड़ पर दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी

दूसरी कार्रवाई गोहाना के हसनगढ़ मोड़ के पास हुई। 22 अगस्त को पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गोहाना के देवीपुरा निवासी रोमियो के पास कथित तौर पर अवैध पिस्तौल है। पुलिस ने सूचना के आधार पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान हसनगढ़ की तरफ से आया एक युवक पुलिस को देखकर वापस जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोमियो बताया।

तलाशी लेने पर उसकी जींस की दाहिनी जेब से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इस संबंध में थाना शहर गोहाना में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। मुख्य सिपाही विकास की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। Sonipat News

About The Author

Related Posts