Crocodile News: कैंप में घुसा छह फीट लंबा मगरमच्छ, मची अफरा-तफरी
सड़क किनारे खड़ी बस के नीचे बैठा देखकर मौजूद लोग घबराए
हरिद्वार (हि.स.)। बैरागी कैंप इलाके में उस समय लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई, जब आबादी के बीच एक बड़ा मगरमच्छ दिखाई दिया। करीब छह फीट लंबे मगरमच्छ को सड़क किनारे खड़ी बस के नीचे बैठे देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। वन विभाग को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और वन्यजीव को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। Crocodile News
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ काफी देर तक बस के नीचे ही बैठा रहा। उसे देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए वन विभाग की टीम ने सबसे पहले लोगों को मौके से दूर किया और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। इसके बाद वनकर्मियों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मगरमच्छ को बस के नीचे से बाहर निकाल लिया गया। टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लेकर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया।
वन विभाग के अनुसार, रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को बाद में सुरक्षित तरीके से गंगा नदी में छोड़ दिया गया। वन्यजीव के आबादी वाले इलाके से हटाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। अचानक मगरमच्छ के दिखाई देने से कुछ समय के लिए क्षेत्र में डर का माहौल बना रहा। हालांकि, वन विभाग की तत्परता के चलते किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि नदी, नहर, तालाब या अन्य जलस्रोतों के आसपास मगरमच्छ अथवा किसी अन्य जंगली जानवर को देखने पर उसके करीब जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसे मामलों में तुरंत वन विभाग को सूचना देकर सुरक्षित दूरी बनाए रखना चाहिए। Crocodile News