Haridwar News: दोस्त संग मिलकर 13 साल की बेटी की हत्या कर शव गंगनहर में फेंका
पिता और साथी गिरफ्तार
Haridwar Crime: हरिद्वार (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में 13 वर्षीय किशोरी की कथित हत्या के मामले में मंगलौर पुलिस ने उसके पिता और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर किशोरी की हत्या के बाद शव को गंगनहर में फेंके जाने की आशंका है। पुलिस टीम नहर में शव की तलाश कर रही है। Haridwar News
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को किशोरी की मां ने मंगलौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि धनेश्वर उर्फ तोता और आशीष उर्फ धोल्ला उसकी 13 वर्षीय बेटी को घर से अपने साथ ले गए, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। शिकायतकर्ता ने दोनों पर कथित रूप से अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए थे।
मामले की जांच के दौरान किशोरी की मां ने अपने ही पति पर बेटी की हत्या में शामिल होने का संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध सुरागों की पड़ताल शुरू की। पुलिस के अनुसार, जांच में मिले तथ्यों के आधार पर किशोरी के पिता धनेश्वर उर्फ तोता और उसके साथी आशीष उर्फ धोल्ला को गिरफ्तार किया गया। दोनों मंगलौर क्षेत्र के ब्रह्मपुर जट्ट गांव के निवासी बताए गए हैं। Haridwar News
शक को बताया हत्या की वजह
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में धनेश्वर ने किशोरी के किसी व्यक्ति से बातचीत करने को लेकर संदेह जताया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच विवाद था। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को धनेश्वर अपनी बेटी को आशीष के साथ मोटरसाइकिल से माता मंदिर के पास स्थित पुल तक ले गया।
जांच एजेंसी के मुताबिक, वहां कथित तौर पर किशोरी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को गंगनहर में फेंके जाने की बात सामने आई है। हालांकि, शव अभी बरामद नहीं हुआ है और पुलिस नहर में उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने कथित वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इसके अलावा धनेश्वर के पास से 315 बोर का तमंचा मिलने की जानकारी दी गई है।
पुलिस के अनुसार, धनेश्वर के खिलाफ पहले भी अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज रहे हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई है। पुलिस अब शव की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि के लिए जांच आगे बढ़ा रही है Haridwar News