Roadways Bus Accident: रोडवेज बस की टक्कर से महिला की मौत, विरोध में लोगों ने लगाया जाम

बेटे के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी महिला, बाल-बाल बचा बेटा

Published On

बिजनौर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नूरपुर कस्बे में रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की जान चली गई। मंडी समिति के सामने रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में महिला सड़क पर गिर गई और बस की चपेट में आ गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार बेटा सुरक्षित बच गया। मृतका की पहचान राजा का ताजपुर गांव निवासी गुड़िया (45) के रूप में हुई है। Roadways Bus Accident

बताया गया कि वह अपने बेटे कुणाल के साथ बाइक से एक रिश्तेदार के यहां नामकरण कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंडी समिति के पास पहुंचने के दौरान बाइक की एक रोडवेज बस से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद गुड़िया बाइक से नीचे गिर गईं और बस के पहिए के नीचे आ गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतका के परिवार को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी परवेज कुमार ने घटना की पुष्टि की है। 

हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मौके पर मौजूद रही और लोगों को समझाकर मार्ग खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Roadways Bus Accident

About The Author

Related Posts