Bangladesh News: बांग्लादेश में संदिग्ध हालात में घर से मिले पति-पत्नी व दो बच्चों के शव

परिवार ने जड़ा हत्या का आरोप

Published On

ढाका (हि.स.)। बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बंद घर के भीतर पति-पत्नी और उनके दो बच्चों के शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। Bangladesh News

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रंगपुर के दासपारा-मछुआपारा इलाके में शनिवार देर रात एक घर से सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीति लता, बेटी आगामी और बेटे प्रियम के शव बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, परिवार के घर का दरवाजा करीब दो दिनों से बंद था और कई बार संपर्क करने के बावजूद रिश्तेदारों को कोई जवाब नहीं मिल रहा था।

रिश्तेदारों की चिंता बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस और पुलिस को सूचना दी। शनिवार रात टीम ने घर का बंद दरवाजा खोलकर भीतर प्रवेश किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर के अलग-अलग हिस्सों से चारों के शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस, जासूसी शाखा और जांच टीम मौके पर पहुंची। घर की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए गए और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। Bangladesh News

परिवार के रिश्तेदारों ने चारों की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और अलमारियों में रखे सामान तथा गहनों के डिब्बों की स्थिति भी संदिग्ध थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या, लूट या किसी अन्य कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष घोषित नहीं किया है। परिजनों के अनुसार, चारों मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद थे। प्रीति लता की बहन ने बताया कि उनकी आखिरी बातचीत गुरुवार दोपहर हुई थी। इसके बाद परिवार के किसी सदस्य से संपर्क नहीं हो पाया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गणपति चक्रवर्ती रंगपुर जिला स्कूल में शिक्षक रहे थे और पिछले वर्ष के अंत में सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वे होम्योपैथी से जुड़ा काम कर रहे थे। उनकी बेटी ने हाल ही में अंग्रेजी विषय में उच्च शिक्षा पूरी की थी, जबकि बेटा स्कूल में पढ़ता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौतों के वास्तविक कारण और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। Bangladesh News

About The Author

Related Posts