Tarapith Hotel Fire: सुबह सुबह होटल में मची चीख-पुकार, भीषण आग से हड़कंप
तारापीठ में होटल हादसे में 6 लोगों की मौत; 12 से अधिक घायल
Tarapith Hotel Fire: तारापीठ (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ से सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। तारापीठ थाने के नजदीक तालाब के किनारे स्थित विदेशिनी होटल में सुबह करीब 4:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने होटल के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 6 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए। West Bengal News
जानकारी के अनुसार, जब होटल में आग लगी, उस समय अधिकांश लोग सो रहे थे। आग और धुएं के कारण होटल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। बचाव दल ने होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल लोगों को तत्काल रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बीरभूम के एएसपी नीलेश श्रीकांत गाइकर ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। उनके मुताबिक, करीब 11 से 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। West Bengal News
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल होटल में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर दमकल विभाग ने बिजली के शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। तारापीठ और रामपुरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आग लगने के समय होटल में कितने लोग मौजूद थे और सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी।
सोमवार तड़के पश्चिम बंगाल के तारापीठ में होटल आग की घटना के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार के लखीसराय में भी बड़ा हादसा हुआ। वहां मंदिर के बाहर भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की जान चली गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। लगातार सामने आई इन घटनाओं ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। West Bengal News
