Chinese Manjha Accident: कैथल में चाइनीज डोर की चपेट में आया बाइक सवार, गर्दन कटी, लगे 4 टांके
बचकर चलें, कहीं सांसों की काट न दे ‘डोर’, बाइक सवार आया चपेट में, लगे 4 टांके
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित चाइनीज डोर का कहर एक बार फिर सामने आया है। शनिवार को अपने बच्चे को दवाई दिलाने कैथल आए मोहलखेड़ा गांव निवासी जोगिन्द्र की गर्दन में हुडा सेक्टर-18 के पास सड़क पर फैली चाइनीज डोर अचानक आ गई। डोर ने उनकी गर्दन को चीर दिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। जानकारी के अनुसार जोगिन्द्र अपने बच्चे को दवाई दिलाने के लिए कैथल के एक निजी अस्पताल आए थे। दवाई लेने के बाद वह बाइक से सेक्टर-18 की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान सड़क के बीच आई प्लास्टिक की डोर अचानक उनकी गर्दन में आ फंसी। डोर से उनकी गर्दन पर करीब तीन सेंटीमीटर गहरा कट लगा और काफी खून बहने लगा। राहत की बात यह रही कि बाइक पर उनके साथ बैठा बच्चा पूरी तरह सुरक्षित रहा। हादसे के बाद जोगिन्द्र ने बाइक रोककर डोर को हटाया और मौके से गुजर रहे अन्य लोगों को भी सावधान किया, ताकि कोई और इसकी चपेट में न आए। इसके बाद रिश्तेदारों की मदद से उन्हें नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया। परिजनों के अनुसार गर्दन से काफी खून बह रहा था।
प्रशासन के प्रतिबंध के दावे हुए फेल साबित
गौरतलब है कि हर साल प्रशासन की ओर से चाइनीज डोर के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया जाता है। इसके बावजूद शहर की कई दुकानों पर चाइनीज डोर धड़ल्ले से बिक रही है। इसके कारण कई राहगीर और वाहन चालक घायल हो चुके हैं। वहीं जिला प्रशासन की ओर से चाइनीज डोर की खरीद, बिक्री और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर इसकी उपलब्धता और इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन की कार्रवाई चाइनीज डोर बेचने वाले दुकानदारों पर सख्ती की बजाय लोगों और वाहन चालकों को जागरुक करने का अभियान चलाने तक सीमित रहती है।
प्रतिबंधित डोर पर रोक लगाए प्रशासन: घायल
जोगिंद ने प्रशासन से चाइनीज डोर की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी डोर को बाजार में बिकने ही नहीं दिया जाना चाहिए। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को ऐसी खतरनाक डोर से दूर रखें और पतंग उड़ाते समय उनकी निगरानी करें।
चार टांके लगाए गए
कैथल नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में तैनात डॉ. यशवीर ने बताया कि मरीज बाइक से जा रहा था और इसी दौरान चाइनीज डोर उसकी गर्दन में आ गई। गर्दन पर करीब तीन सेंटीमीटर का घाव था और ब्लीडिंग हो रही थी। डॉक्टरों ने घाव पर टांके लगाकर पट्टी की और आवश्यक दवाइयां लिखकर मरीज को डिस्चार्ज कर दिया। घायल को करीब चार टांके लगाए गए। बाइक चलाते समय गर्दन पर मफलर आदि रखना सुरक्षा की दृष्टि से मददगार हो सकता है।
