डेरा श्रद्धालुओं ने 7 माह से लापता मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को परिजनों से मिलवाया
परिजनों ने पूज्य गुरु जी व डेरा श्रद्धालुओं का किया धन्यवाद
संगरूर (सच कहूँ/नरेश कुमार)। Sangrur News: पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर चलते हुए डेरा श्रद्धालुओं ने मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की संभाल कर उसे परिवार से मिलाकर इन्सानियत का फर्ज निभाया। इस संबंध में रिटायर्ड इंस्पेक्टर जगराज सिंह इन्सां, संगरूर ने बताया कि करीब सात माह पहले एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला दयनीय हालत में गलियों में घूमती हुई मिली थी। टीम ने उसे बडरुखां स्थित वृद्ध आश्रम में दाखिल करवाया, जहाँ उपचार और लगातार काउंसलिंग के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम मीनू पत्नी जरनैल सिंह, निवासी ददहेड़िया, जिला पटियाला बताया और अपने तीन छोटे बच्चों के पास जाने की इच्छा जताई।
इसके बाद गाँव के सरपंच लक्ष्मण सिंह और उसके पति जरनैल सिंह से संपर्क किया गया। सेवादारों द्वारा उसे कार से गाँव ददहेड़िया ले जाकर पंचायत की मौजूदगी में उसके परिवार और बच्चों के हवाले कर दिया गया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि मीनू करीब सात माह से घर से लापता थी। उसके सुरक्षित होने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से रिश्तेदारों और अन्य स्थानों पर भी उसकी काफी तलाश की गई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। परिवार ने पूज्य गुरु जी व सेवादारों का धन्यवाद किया। उक्त महिला की संभाल करने और उसे परिवार तक पहुंचाने में सुखविन्द्र सिंह भट्ठल, रिटायर्ड एसई बिजली बोर्ड तथा प्रबंधक वृद्ध आश्रम बडरुखां का भी विशेष योगदान रहा।