अवैध हथियार तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 315 व .32 बोर के 14 अवैध तमंचे बरामद, गिरोह के मास्टरमाइंड पुलिस गिरफ्त से बाहर, तलाश में जुटी पुलिस 

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: आदर्शमण्डी थाना पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए अवैध हथियार तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 315 व .32 बोर के 14 अवैध तमंचे बरामद हुए है। गिरोह का मास्टरमाइंड अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

पुलिस उप-महानिरीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर अवैध शस्त्रों की बरामदगी एवं तस्करी के सम्बन्ध में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत रविवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के आदेशानुसार अपराध की रोकथाम तथा अवैध शस्त्रों की बरामदगी एवं तस्करी में लिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एसओजी प्रभारी राहुल सिसोदिया व आदर्शमण्डी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम की संयुक्त कार्यवाही में अवैध शस्त्र तस्करी करने वाले गिरोह के 03 सदस्यों को गोहरनी पुल के नीचे रेलवे लाईन के पास से गिरफ्तार किया है।  

आरोपियों के कब्जे से कुल 14 तमंचे बरामद हुए है, जिनमें 10 तमंचे 315 बोर व 04 तमंचे .32 बोर के शामिल है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम व पता आरिस उर्फ बच्ची व साहिब निवासीगण ग्राम जहानपुरा तथा बाबर उर्फ बवाना निवासी ग्राम मंडावर बताए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया है, जबकि तस्करी के धंधे में लिप्त अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

निजी जरूरतों की पूर्ति के लिए बने मौत के सामान के सौदागर

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनके गिरोह का मास्टरमाइंड शोएब निवासी ग्राम तितरवाड़ा है । शोएब के द्वारा कम दामों में अवैध शस्त्र उपलब्ध कराए जाते हैं, जिन्हें गिरोह के सदस्य विभिन्न स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचकर अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित करते है। वह शोएब से अवैध तमंचे प्राप्त करने के बाद उन्हें ऊंचे दामों पर बेच देते हैं तथा प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते हैं।

शोएब पूर्व में भी अवैध तमंचा फैक्ट्री के संचालन में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि इस गैंग का मुख्य कार्य अवैध असलहों की तस्करी करना है। आरोपी अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त से प्राप्त धनराशि का उपयोग अपने व्यक्तिगत शौक एवं आवश्यकताओं की पूर्ति में करते थे। गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Kairana News

About The Author

Related Posts