मीरापुर में दिनदहाड़े पुलिस-बदमाश मुठभेड़
25 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल कुमार)। Miranpur News: थाना मीरापुर क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश जाफर पुत्र बहादुर अली निवासी आसिफाबाद, थाना किला परीक्षितगढ़, जनपद मेरठ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। घायल बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी राजीव शर्मा के नेतृत्व में मीरापुर पुलिस भुम्मा चैकी के पास नहर पटरी पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो कुछ दूरी पर बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश जाफर पर आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घटना के बाद पुलिस ने फरार साथियों की तलाश में आसपास के जंगलों में कांबिंग अभियान चलाया। थाना मीरापुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
