गंगा बैराज पर आत्महत्या का प्रयास नाकाम, रामराज पुलिस ने 55 वर्षीय बुजुर्ग की बचाई जान
गंगा बैराज पर आत्महत्या की कोशिश, रामराज पुलिस ने बुजुर्ग की बचाई जान; रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला
रामराज (सच कहूं/कोमल कुमार)। Ramraj News: थाना रामराज पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से शुक्रवार को गंगा बैराज पर एक बड़ा हादसा टल गया। पारिवारिक समस्याओं से मानसिक रूप से परेशान एक 55 वर्षीय बुजुर्ग ने गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया।
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिरोही अपनी पुलिस टीम के साथ अहमदवाला तटबंध का निरीक्षण करने के लिए देवल चैकी क्षेत्र की ओर गए हुए थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने एक बुजुर्ग को गंगा बैराज में छलांग लगाते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिरोही अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना समय गंवाए रस्से की व्यवस्था कर बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग को सुरक्षित गंगा नदी से बाहर निकाल लिया और उनकी जान बचा ली। पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना नाम भूरा पुत्र प्रेम सिंह, निवासी चांदपुर, जनपद बिजनौर बताया।
उन्होंने कहा कि पारिवारिक समस्याओं के कारण मानसिक तनाव में आकर उन्होंने यह कदम उठाया था। घटना के बाद पुलिस ने बुजुर्ग को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई तथा उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। क्षेत्र के लोगों ने थाना रामराज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवता और साहस की सराहना करते हुए पुलिस टीम की प्रशंसा की।
