हरियाणा में 9 नए उप स्वास्थ्य केंद्रों को मंजूरी
हरियाणा में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नौ नए उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही गुरुग्राम जिले के रणसीका गांव स्थित मौजूदा उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अपग्रेड किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। नए उप स्वास्थ्य केंद्रों में सबसे ज्यादा सात नूंह जिले में खोले जाएंगे। ये रानिका, देवला नंगली, महुं, गौधोला, लफुरी, बड़ेड और चीला गांव में स्थापित होंगे। इसके अलावा रेवाड़ी के भांडोर और सिरसा के मोचीवाली गांव में भी एक-एक नया केंद्र खुलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नूंह जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नए केंद्र खुलने से ग्रामीण आबादी को घर के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। यहां मातृ-शिशु देखभाल, टीकाकरण और प्राथमिक उपचार की सुविधा आसानी से उपलब्ध होगी। सरकार के इस फैसले से नूंह, रेवाड़ी, सिरसा और गुरुग्राम के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ेगा। नए केंद्रों से लोगों को प्राथमिक उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी, जबकि रणसीका में पीएचसी बनने से आसपास के ग्रामीणों को पहले से अधिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।