अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला

वनकर्मी की बाइक पर चढ़ाई जेसीबी, समय रहते हटकर बचाई जान

Published On

नारनौल (सच कहूँ न्यूज)। Narnaul News: नांगल चौधरी के बायल पहाड़ी क्षेत्र में अवैध खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर शुक्रवार सुबह हमला कर दिया गया। आरोप है कि खनन में शामिल लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए एक फॉरेस्ट गार्ड की मोटरसाइकिल पर जेसीबी चढ़ा दी। वनकर्मी ने समय रहते वहां से हटकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वन विभाग की टीम को बायल पहाड़ी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारी और कर्मचारी मौके पर गश्त करने पहुंचे। टीम ने कुछ लोगों को पहाड़ी क्षेत्र में खनन करते देखा और इसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने वनकर्मियों का विरोध शुरू कर दिया।

जेसीबी से बाइक को कुचला

बताया गया है कि एक फॉरेस्ट गार्ड खनन रोकने के लिए आगे बढ़ा तो आरोपियों ने जेसीबी से उसकी मोटरसाइकिल को निशाना बनाया। जेसीबी बाइक पर चढ़ा दी गई। अचानक हुए हमले में वनकर्मी किसी तरह पीछे हट गया और बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

वन विभाग की शिकायत पर केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल देखी और मौके पर मौजूद जेसीबी को कब्जे में ले लिया। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। वन विभाग की टीम अवैध खनन की सूचना पर बायल पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची थी। टीम के खनन रोकने के प्रयास के दौरान विवाद बढ़ गया और जेसीबी से वनकर्मी की बाइक को टक्कर मार दी गई। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Narnaul News

About The Author

Related Posts