Building Collapse: दिल्ली के करोल बाग में दो मंजिला इमारत गिरी, मलबे में दबकर मजदूर की मौत

करोल बाग में इमारत गिराने के दौरान हादसा, मलबे में दबकर मजदूर की मौत

Published On

नई दिल्ली (एजेंसी)। New Delhi: दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। रेगरपुरा में एक दो-मंजिला इमारत को अवैध तरीके से गिराए जाने के दौरान पूरा ढांचा अचानक ढह गया। इस हादसे में मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह लगभग 11:15 बजे, बिल्डिंग नंबर 3512, प्यारे लाल रोड, रेगरपुरा, करोल बाग, दिल्ली की है। करोल बाग के रेगरपुरा इलाके में प्यारे लाल रोड पर स्थित इस पुरानी इमारत को गिराने का काम चल रहा था, तभी अचानक यह भरभराकर गिर गई।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत को मालिकों द्वारा नियुक्त एक प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर गिरा रहा था। पुलिस के मुताबिक संबंधित एजेंसी से इसे गिराने के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। बिना किसी सुरक्षा उपाय और बिना अनुमति के तोड़-फोड़ का काम किया जा रहा था।

इमारत गिराने का काम चल रहा था, तभी अचानक इमारत ढही और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में फंस गए। सूचना मिलते ही करोल बाग पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। फायर सर्विस को भी बुलाया गया।

इस घटना में कुल चार मजदूर प्रभावित हुए हैं। एक मजदूर शेख शमशाद की चोट के कारण मौत हो गई। उसका शव एलएचएमसी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। दूसरा मजदूर मो. अयूब गंभीर रूप से घायल है। उसे सिर में गंभीर चोट और दाहिने हाथ में फ्रैक्चर आया है। उसे डॉ. आरएमएल अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। तीसरे मजदूर शेख सैदुल का इलाज जीवन माला अस्पताल में चल रहा है। चौथे मजदूर रफीक-उल को मामूली चोट आई और प्राथमिक उपचार के बाद वह अपने घर चला गया।

पुलिस ने इस मामले में इमारत के मालिकों और कॉन्ट्रैक्टर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि और इमारत गिरने की परिस्थितियों का आकलन करने के बाद उचित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

New Delhi

About The Author

Related Posts