शिक्षा और रोजगार
नेहरू वर्ल्ड स्कूल में आयोजित क्रियो-2026 में दिखेगा 212 स्कूलों के 3557 विद्यार्थियों का हुनर
नेहरू वर्ल्ड स्कूल में 20 से 22 अगस्त तक अंतरराष्ट्रीय अंतर्विद्यालयी सांस्कृतिक उत्सव, 11 देशों के स्कूल भी होंगे शामिल
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह )। शास्त्रीनगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल में अंतरराष्ट्रीय अंतर्विद्यालयी सांस्कृतिक उत्सव ‘क्रियो-2026’ का आयोजन 20 से 22 अगस्त तक किया जाएगा। तीन दिवसीय उत्सव में देश-विदेश के 212 स्कूलों के 3557 विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। स्कूल प्रिंसिपल मंजुला सिंह ,प्रवक्ता नेहा महाजन और पूर्णिमा चौधरी ने मीडिया को बताया कि सांस्कृतिक उत्सव भारत के अलावा 11 अन्य देशों के विद्यालय भी शामिल होंगे। उत्सव में कुल 58 प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें 29 प्रतियोगिताएं ऑनलाइन होंगी, जबकि 28 प्रतियोगिताएं स्कूल परिसर में आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं को प्रतिस्पर्धात्मक, अप्रतिस्पर्धात्मक और मिश्रित श्रेणियों में रखा गया है।
पहले दिन प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए बिट्स ऑफ पेपर, डांसिंग सुपर स्टार, लेट्स लेगो, मॉल्ड इट आउट, कलर मी अप, एक्ट इट आउट, क्ले वंडर्स और कटलरी कैनवास जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। दूसरे दिन डांसवर्क्स, एसडीजी हीरोज, वी द पीपल, भावाभिव्यक्ति, चेंज मेकर्स, टॉय टेल्स और शटरबर्ग सहित कई आयोजन होंगे।तीसरे दिन थिएटरियोलॉग्स, माइंड मेज, रिदम्स, इंक एंड इमेजिनेशन, करियर कैटेलिस्ट, पॉप आर्ट, अल्केमी ऑफ थिंग्स और ड्यू एक्सटेम्परी जैसी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, मेजबान स्कूल होने के बावजूद नेहरू वर्ल्ड स्कूल विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर जोर दे रहा है। स्कूल के विद्यार्थियों को मिलने वाले पुरस्कार और स्थानों को अगले स्थान पर आने वाले विद्यालय के साथ साझा किया जाएगा।