Road Accident: बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र घायल

बुजुर्ग को दो दिन बाद मिली अस्पताल से छुट्टी, बेटा गंभीर हालत में जयपुर रेफर

Published On

हनुमानगढ़। तलवाड़ा झील से हनुमानगढ़ जा रहे पिता-पुत्र को टिब्बी में केसरगढ़ पैलेस के पास पीछे से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। बुजुर्ग पिता को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे को श्रीगंगानगर के बाद जयपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के करीब एक माह बाद पिता ने टिब्बी थाने में बोलेरो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तलवाड़ा झील के वार्ड नंबर 7 निवासी 72 वर्षीय मदनलाल अग्रवाल पुत्र रामकुमार ने थाने में रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे उसका बेटा नितेश कुमार मोटर साइकिल पर उसे साथ लेकर तलवाड़ा झील से हनुमानगढ़ जा रहा था।

दोनों जब टिब्बी में हनुमानगढ़ रोड स्थित केसरगढ़ पैलेस के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही बोलेरो वाहन संख्या आरजे 10 यूए 1703 के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्र सड़क पर गिर गए और दोनों को चोटें आईं। परिवादी के अनुसार हादसे के बाद मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने साधन की मदद से दोनों घायलों को टिब्बी अस्पताल पहुंचाया।

आरोप है कि हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। टिब्बी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। मदनलाल को दो दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई, लेकिन नितेश की हालत गंभीर होने के कारण उसे पहले श्रीगंगानगर और वहां से जयपुर रेफर किया गया।

परिवादी के अनुसार नितेश अभी भी जयपुर के अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार चल रहा है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद को सौंपा है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों, बोलेरो चालक की पहचान और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts