Fraud: 4.50 लाख रुपए की अदायगी अटकी तो कोर्ट पहुंची महिला
तीन पर धोखाधड़ी व एससीएसटी एक्ट में केस
हनुमानगढ़। टाउन की सिंधी मोहल्ला निवासी एक महिला ने मकान के सौदे में 4.50 लाख रुपए की कथित अदायगी नहीं करने, साजिशपूर्वक संपत्ति की लिखा-पढ़ी करवाने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप लगाए हैं। महिला की ओर से विशिष्ट न्यायाधीश (एससीएसटी प्रकरण) हनुमानगढ़ की अदालत में पेश इस्तगासे के बाद टाउन थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा एससीएसटी एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। Hanumangarh News
इस्तगासे के अनुसार परिवादिया संतोष रानी (38) पत्नी धर्मंेद्र कुमार सिंधी ने बताया कि उसने 25 मार्च 2014 को वार्ड नंबर 35, बरकत कॉलोनी में 26 गुणा 30 फुट का पट्टाशुदा प्लॉट 8.15 लाख रुपए में खरीदा था। प्लॉट पर दो पक्के कमरे, तीन कच्चे कमरे, शौचालय-बाथरूम तथा चारदीवारी बनी हुई थी और बिजली कनेक्शन भी था।
परिवादिया के अनुसार उक्त संपत्ति उसे मंगली पत्नी जोगेन्द्रदास निवासी वार्ड नंबर 35 बरकत कॉलोनी से मिली थी। परिवादिया ने आरोप लगाया कि 5 जनवरी 2020 को उसने उक्त प्लॉट/मकान को 8.50 लाख रुपए में गुलाब पुत्र फूलचंद कश्यप राजपूत निवासी वार्ड नंबर 33, बरकत कॉलोनी को बेचने का इकरारनामा किया। दस्तावेज में पूरी राशि प्राप्त होना लिखवाया गया, लेकिन परिवादिया के अनुसार गवाहों के सामने उसे केवल 4 लाख रुपए दिए गए। शेष 4.50 लाख रुपए बाद में देने की बात कही गई। Hanumangarh News
परिवादिया के मुताबिक गुलाब से उसके पति की पहले से जान-पहचान होने के कारण उसने भरोसा करते हुए मकान का कब्जा भी उसे सौंप दिया। आरोप है कि बाद में शेष राशि देने के बजाय आरोपियों ने संपत्ति को लेकर अलग तरह की लिखा-पढ़ी करवा ली। इस्तगासे में बताया गया कि परिवादिया ने पति व अन्य गवाहों के साथ आरोपियों से कई बार पंचायत की। आरोप है कि आरोपियों ने पहले कुछ समय बाद रुपए देने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में लगातार टालमटोल करते रहे।
परिवादिया ने आरोप लगाया कि हाल ही में दोबारा पंचायत करने पर गुलाब ने कथित तौर पर कहा कि उसके साथ ठगी हो चुकी है और वह जो करना चाहे कर ले। इस्तगासे में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान परिवादिया को जातिसूचक शब्दों से सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इस्तगासे के आधार पर पुलिस ने गुलाब, उसकी पत्नी आरती और मंगली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अनुसंधान वृताधिकारी मीनाक्षी सहारण कर रही हैं। पुलिस अब संपत्ति की खरीद-बिक्री, भुगतान, दस्तावेजों और लगाए गए धोखाधड़ी व जातिसूचक अपमान के आरोपों की जांच करेगी। Hanumangarh News