जमीनी विवाद में रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने की फायरिंग
लाइसेंसी रिवाल्वर से तीन-चार राउंड चलाए, मारपीट में कई लोग घायल
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: सीवन क्षेत्र के गांव नागल में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट के बाद रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर लाइसेंसी रिवाल्वर से तीन-चार राउंड फायर कर दिए। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। फायरिंग के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उससे रिवाल्वर और कारतूस छीन लिए। मारपीट में कई लोग घायल हुए, जिन्हें कैथल नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। नागल निवासी संतलाल ने आरोप लगाया कि गगन नाथ ने उससे जमीन ले रखी है।
लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जमीन की रकम नहीं दी। इसी सिलसिले में वह अपने पक्ष के लोगों के साथ गगन से पैसे मांगने पहुंचा था। वहां कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान गगन ने रिवाल्वर निकालकर सामने वाले पक्ष की ओर फायरिंग कर दी। पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर गगन को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला
घटना की सूचना मिलते ही सीवन थाना पुलिस और एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने रिवाल्वर व कारतूस अपने कब्जे में ले लिए। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि फायरिंग के आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार संतलाल हाल ही में जेल से बाहर आया था और जमीन के विवाद को लेकर गगन के पास पहुंचा था। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
