59वीं जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य समापन
करनाल में 59वीं जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का भव्य समापन
करनाल (सच कहूँ न्यूज़)। Karnal News: जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, करनाल द्वारा आयोजित 59वीं जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप–2026 का सोमवार को करन स्टेडियम में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि आईपीएस श्री सुरेंद्र भोरिया रहे। उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक इस्तेमाल खेलों में करें। यदि युवा खेलों से जुड़ेंगे तो समाज में नशे जैसी बुराइयों को स्वतः समाप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश के लगभग सभी प्रमुख खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान कई बार आधे से भी अधिक रहा है। आने वाले समय में यह योगदान और बढ़ने की उम्मीद है।
इस अवसर पर लिबर्टी शूज़ लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री रमन बंसल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रतियोगिता में जीत हासिल नहीं कर पाने वाले खिलाड़ियों को भी निराश न होने और आगे और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे सहयोग एवं प्रोत्साहन की सराहना की।
श्री रमन बंसल ने इस वर्ष प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों की बढ़ी हुई भागीदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि 9 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों की संख्या काफी अधिक रही, जो बैडमिंटन के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान का प्रमाण है।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी श्री दीपक पंडित ने कहा कि एसोसिएशन को इस बात का गर्व है कि करनाल से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ी बड़ी प्रतियोगिताओं में न केवल भाग लेते हैं, बल्कि शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर करनाल का नाम भी रोशन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को कैश प्राइज, प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी श्री दीपक पंडित, पैट्रन श्री हरीश मक्कड़, टेक्निकल एडवाइजर श्री गुरमीत कपूर, कैशियर श्रीमती अंजलि शर्मा, श्री प्रदीप चीमा, श्री विक्रांत महाजन, श्री राहुल चानना, डॉ. बृज, श्री योगेश अरोड़ा सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।