Palamu Police: अवैध हथियार की सूचना दें और पाएं इनाम! नाम पता रहेगा गोपनीय

पलामू पुलिस ने जारी किया बड़ा ऐलान, सूचना दें ₹20 हजार पाएं

Published On

पलामू (हि.स.)। जिले में अवैध हथियारों और उनसे जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पलामू पुलिस ने नई पहल शुरू की है। नक्सलियों के हथियारों की सूचना देने पर इनाम देने की व्यवस्था की तर्ज पर अब अपराधियों के पास मौजूद अवैध हथियारों की जानकारी देने वाले लोगों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान और पुरस्कार राशि से संबंधित विवरण को गोपनीय रखने का भरोसा दिया है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य आम लोगों की मदद से अवैध हथियारों के नेटवर्क तक पहुंचना और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाना है। Palamu Police

पलामू पुलिस ने अलग-अलग प्रकार के हथियारों की बरामदगी में मदद करने वाली सूचना के लिए पुरस्कार राशि तय की है। ऑटोमेटिक हथियार की जानकारी देने पर 20 हजार रुपये से अधिक, पिस्टल की सूचना पर 15 हजार रुपये तक और देसी कट्टा बरामद कराने में मददगार सूचना देने पर 5 हजार रुपये तक का इनाम दिया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी भय के आगे आ सकें।

851 आरोपितों को किया गया चिह्नित

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने मंगलवार को बताया कि आर्म्स एक्ट से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान जिले में 851 आरोपितों को चिह्नित किया गया है। पुलिस अब इनके खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ अवैध हथियारों की आपूर्ति और छिपाने के नेटवर्क पर भी नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान को मजबूत बनाने के लिए इनाम आधारित सूचना व्यवस्था शुरू की गई है।

पुलिस आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 तक पलामू जिले में 48 हत्या के मामले दर्ज किए गए। इनमें 10 से अधिक मामलों में अवैध हथियारों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस ने हथियार रखने और उनकी आपूर्ति करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। Palamu Police

ऑपरेशन सफाया के तहत लगातार कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि जुलाई और अगस्त के दौरान चलाए गए ऑपरेशन सफाया में 30 से अधिक हथियार बरामद किए जा चुके हैं। वर्ष 2023 से अब तक नक्सलियों और अपराधियों के खिलाफ अलग-अलग अभियानों में 300 से अधिक हथियार जब्त किए गए हैं। जब्त किए गए हथियारों में देसी कट्टों की संख्या सबसे अधिक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में 56, वर्ष 2024 में 48 और वर्ष 2025 में 47 हथियार बरामद किए गए। वहीं, वर्ष 2026 में अगस्त के शुरुआती सप्ताह तक 35 से अधिक अवैध हथियार जब्त किए जा चुके हैं।

पलामू पुलिस ने सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध लोगों की निगरानी, पुराने मामलों में फरार आरोपितों की तलाश और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि आम नागरिकों से मिलने वाली विश्वसनीय सूचनाएं इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं और इससे अवैध हथियारों के इस्तेमाल से होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। Palamu Police

About The Author

Related Posts