कुएं की खुदाई दौरान मिट्टी धंसी, मलबे में दबकर वेल्डर की मौत
महेंद्रगढ़ में स्टेट हाईवे-148बी के पास हुआ हादसा
नारनौल (सच कहूँ न्यूज)। Narnaul News: महेंद्रगढ़ में स्टेट हाईवे-148बी पर महिला कॉलेज के पास गुरुवार को कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से 51 वर्षीय वेल्डर विजयपाल की मौत हो गई। मिट्टी में दबे विजयपाल को करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार विजयपाल महेंद्रगढ़-नारनौल रोड पर स्थित अपने प्लाट में कुएं की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा नीचे आ गिरा, जिससे वह दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। जेसीबी की मदद से करीब दो घंटे तक मलबा हटाने का काम चला। विजयपाल को बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में छाया मातम
विजयपाल सतनाली मोड़ के पास गैस एजेंसी के निकट रहते थे और पेशे से वेल्डर थे। उनके दो बच्चे हैं, दोनों शादीशुदा हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
