Sanitation Workers' Strike: हड़ताल के बीच संक्रमण रोकने की कवायद, कूड़े के ढेरों पर सैनिटाइजर व दवाइयों का छिड़काव शुरू

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच राहत की पहल, कूड़े के ढेरों पर सैनिटाइजिंग और फॉगिंग शुरू

Published On

डबवाली/गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल-सुभाष)। Dabwali News: नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह जमा कूड़े के ढेरों से उठ रही दुर्गंध और संक्रमण की आशंका को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन और सफाई कर्मचारियों ने राहत की पहल की है। नगर परिषद चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा, ईओ सुरेंद्र कुमार और सफाई कर्मचारी यूनियन के बीच सहमति के बाद कूड़े को व्यवस्थित करने के साथ सैनिटाइजिंग और दवाइयों के छिड़काव का काम शुरू किया गया है। नगर परिषद चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा ने बताया कि लगातार बढ़ रहे कूड़े के ढेरों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। कई जगह कूड़ा सड़कों तक फैल गया था। शहरवासियों की परेशानी को देखते हुए सफाई कर्मचारियों की सहमति से जेसीबी की मदद से कूड़े को एक स्थान पर एकत्र करवाया गया, ताकि रास्ते बाधित न हों।

उन्होंने बताया कि हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने भी संक्रमण रोकने के उद्देश्य से सहयोग शुरू किया है। रामलीला ग्राउंड सहित अन्य स्थानों पर जमा कूड़े के आसपास सैनिटाइजर व आवश्यक दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही फॉगिंग के जरिए मच्छरों और संक्रमण फैलाने वाले तत्वों पर नियंत्रण का प्रयास किया जा रहा है। चेयरमैन ने कहा कि नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी हैं और कूड़े को व्यवस्थित करने के साथ दवाइयों के छिड़काव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, शहर की पूरी सफाई व्यवस्था सामान्य होने के लिए सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होना जरूरी है। अब शहरवासियों की नजर सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच होने वाली बातचीत पर है।

Dabwali News
Dabwali News: कूड़े के ढ़ेर को जेसीबी की सहायता से एकत्रित करते। 

About The Author

Related Posts