Anganwadi Helper: कैबिनेट मंत्री ने 28 नवनियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों को सौंपे नियुक्ति पत्र

पंजाब सरकार द्वारा करीब 70 हजार युवाओं को मेरिट के आधार पर नियमित नौकरियाँ दी गईं: सौंद 

Published On

लुधियाना/खन्ना (सच कहूँँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का अभियान लगातार जारी है। पंजाब सरकार द्वारा अब तक करीब 70 हजार युवाओं को मेरिट और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर नियमित सरकारी नौकरियाँ दी जा चुकी हैं। उपरोक्त शब्द हलका खन्ना के विधायक व पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत, श्रम, पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले तथा बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने वीरवार को किशोरी लाल जेठी (लड़कियों) स्कूल आॅफ एमिनेंस, खन्ना में 28 नव-नियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों को नियुक्ति पत्र सौंपने के अवसर पर किया।

उन्होंने नव-नियुक्त हेल्परों को बधाई देते हुए अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ निभाने की अपील की। सौंद ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा अपने वादे के अनुसार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और मेरिट को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे योग्य उम्मीदवारों को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ लोगों को बेहतर और प्रभावी सरकारी सेवाएँ उपलब्ध करवाना है। इस मौके एसडीएम स्वाति टिवाणा, सीडीपीओ सुखजीत कौर, जिला परिषद सदस्य मास्टर अवतार सिंह, नगर काउंसिल खन्ना के प्रधान जतिन्द्र पाठक, वरिष्ठ उपप्रधान हरीश गुप्ता और उपप्रधान करमजीत सिंह सिफ्ती के अलावा अन्य लोग भी मौजूद थे।

आंगनवाड़ी हैल्पर की स्वास्थ्य सुविधाएँ निभाने में अहम भूमिका: सौंद

मंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसके बच्चों के स्वस्थ और उचित विकास से जुड़ी होती है। आंगनवाड़ी केन्द्र बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक विकास से संबंधित सुविधाएँ देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए नव-नियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी हेल्पर अपनी नौकरी को केवल रोजगार का साधन न समझें, बल्कि इसे समाज सेवा के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में निभाएँ।

उन्होंने उन्हें सरकार की महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं का लाभ प्रत्येक योग्य लाभार्थी तक पहुंचाने और जमीनी स्तर पर लोगों की जरूरतों को समझते हुए सरकारी सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए काम करने की अपील की। नव-नियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए रोजगार के साथ-साथ बच्चों और महिलाओं की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सरकार द्वारा पारदर्शी ढंग से मेरिट के आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।

Ludhiana News

About The Author

Related Posts