ट्रेन से कटकर युवक की मौत, फतेहाबाद के खाबड़ा की घटना पास में मिली बाइक
ट्रेन से कटकर युवक की मौत, फतेहाबाद के खाबड़ा की घटना पास में मिली बाइक
भट्टूकलां (सच कहूँ न्यूज)। Bhattu Kalan News: फतेहाबाद के भट्टू क्षेत्र के खाबड़ा लाइन पर तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रेलवे ट्रैक पर एक 25-26 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के गांव चूली बागड़ियां निवासी जयवीर के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक रात के समय हिसार-जींद पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह जब रेलवे कर्मचारी रेलवे लाइन का नियमित निरीक्षण कर रहे थे, तब खाबड़ा फाटक के पास उन्होंने ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा देखा।
घटना की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल के बिल्कुल पास में ही मृतक की मोटरसाइकिल खड़ी मिली, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल और जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर पहचान कायम करते हुए युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद भिजवा दिया है। युवक रात के वक्त वहां कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, पुलिस इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
