Kolkata Hotel Fire Update: कोलकाता होटल अग्निकांड, जान गंवाने वालों में सात बांग्लादेशी और दो भारतीय
धुएं में दम घुटने से गई जान
Kolkata Hotel Fire Update: कोलकाता (एजेंसी)। मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब गली स्थित एक होटल में लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले सभी नौ लोगों की पहचान कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में सात बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं, जबकि दो भारतीय नागरिक हैं। हादसे में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। पुलिस के मुताबिक, सातों बांग्लादेशी मृतक एक ही परिवार से संबंधित थे। वे बांग्लादेश के कुश्तिया जिले से कोलकाता आए थे। परिवार के एक सदस्य की मेडिकल जांच होनी थी, जिसके सिलसिले में वे शहर पहुंचे थे। Kolkata Fire News
मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल
बांग्लादेशी नागरिकों में देबाशीष दत्ता (39), उनकी पत्नी अफसाना शिरमियान (27), उनका छोटा बेटा स्वर्णाशीष दत्ता और अफसाना के पिता मोहम्मद अकरम अली (74) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, देबाशीष पेशे से पत्रकार थे। अन्य मृत बांग्लादेशी नागरिकों में ढाका जिले के रहने वाले 37 वर्षीय बाबू अहमद शामिल हैं। Kolkata Fire News
रेबती सरकार और एम. अलीमुज़्ज़मान भी इस हादसे में मारे गए। दोनों बांग्लादेश के कालीगंज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। होटल अग्निकांड में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों की पहचान 19 वर्षीय संदीप पासवान और 68 वर्षीय योग नारायण अग्रवाल के रूप में हुई है। संदीप पासवान होटल में काम करते थे और मूल रूप से झारखंड के गिरिडीह जिले के रहने वाले थे। आग की घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरे भारतीय मृतक योग नारायण अग्रवाल पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के निवासी बताए गए हैं।
आग से ज्यादा धुएं ने ली जान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल की तीसरी मंजिल पर लगी आग बहुत अधिक फैलाव वाली नहीं थी। हालांकि आग से निकला धुआं पूरी इमारत में फैल गया। इससे अंदर मौजूद लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों के शरीर पर आग से गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। उनकी मौत मुख्य रूप से धुएं के कारण दम घुटने से होने की बात सामने आई है।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि राहत और बचाव कार्य कितनी जल्दी शुरू हुआ और इमारत में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे या नहीं। घटना को गंभीरता से लेते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के होटलों, लॉज और गेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और ऑडिट कराने का फैसला किया है।
इसका उद्देश्य आग से बचाव के इंतजामों और आपातकालीन निकासी व्यवस्था की स्थिति का पता लगाना है। जिस इमारत में आग लगी, वह न्यूज मार्केट पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आती है। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। राज्य अग्निशमन विभाग की ओर से भी घटना को लेकर अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारण, सुरक्षा मानकों और राहत-बचाव व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। Kolkata Fire News