Aadhaar News: आज मोबाइल से अपडेट हो रहीं जरूरी सेवाएं, आधार ऐप ने डिजिटल सेवाओं को बनाया आसान
5 करोड़ पार हुए आधार ऐप के डाउनलोड
Aadhaar Update: नई दिल्ली। डिजिटल माध्यम से आधार सेवाओं का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। आधार ऐप के डाउनलोड अब 5 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुके हैं। आईटी मंत्रालय के अनुसार, यह उपलब्धि बताती है कि लोग आधार से जुड़े कामों के लिए डिजिटल माध्यम को तेजी से अपना रहे हैं। Aadhaar News
सरकार का कहना है कि आधार ऐप अब नागरिकों और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के बीच एक महत्वपूर्ण डिजिटल माध्यम बनकर उभरा है। स्मार्टफोन के जरिए आधार नंबर धारक कई सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं और कई कार्यों के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत कम हो सकती है।
आधार ऐप के जरिए उपयोगकर्ताओं ने बड़े स्तर पर अपनी जानकारी अपडेट की है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 60 लाख से अधिक लोगों ने मोबाइल नंबर अपडेट कराया है। इसके अलावा 15 लाख से ज्यादा पते और 23 लाख से अधिक ईमेल आईडी भी ऐप के माध्यम से अपडेट की गई हैं। ऐप के जरिए उपलब्ध सुविधाओं में मोबाइल नंबर, पता और ईमेल अपडेट के साथ बायोमेट्रिक लॉक या अनलॉक करना तथा ई-आधार डाउनलोड करना शामिल है। Aadhaar News
“शो, शेयर और वेरिफाई” मॉडल पर आधारित है ऐप
आधार ऐप को “Show, Share and Verify” यानी दिखाएं, साझा करें और सत्यापित करें की अवधारणा पर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को अपनी पहचान से संबंधित जानकारी पर अधिक नियंत्रण देना और जरूरत के अनुसार सुविधाजनक डिजिटल सत्यापन उपलब्ध कराना है। इस व्यवस्था में आधार नंबर धारक अपनी जरूरत के हिसाब से आवश्यक जानकारी साझा कर सकते हैं। सरकार का कहना है कि इससे डिजिटल पहचान से जुड़ी सेवाओं में सुविधा के साथ गोपनीयता पर भी जोर दिया गया है।
आधार आधारित डिजिटल सत्यापन व्यवस्था के विस्तार के लिए UIDAI ऑफलाइन वेरिफिकेशन इकोसिस्टम को भी मजबूत कर रहा है। जनवरी में इस पहल की शुरुआत के बाद अब तक 200 से अधिक संस्थाएं ऑफलाइन सत्यापन चाहने वाली संस्थाओं (OVSE) के रूप में जुड़ चुकी हैं। इन संस्थाओं को आधार से जुड़ी पहचान जानकारी को सुरक्षित और सहमति आधारित तरीके से सत्यापित करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए UIDAI के केंद्रीय डेटाबेस से हर बार रियल-टाइम कनेक्शन की आवश्यकता नहीं होगी। Aadhaar News
QR Code और डिजिटल दस्तावेजों से होगा सत्यापन
ऑफलाइन सत्यापन में QR कोड आधारित प्रक्रिया और सुरक्षित डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेजों का उपयोग किया जा सकता है। इससे सेवा प्रदाता उपयोगकर्ता की पहचान संबंधी जरूरी जानकारी को निर्धारित डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से सत्यापित कर सकेंगे।
इस मॉडल में उपयोगकर्ता केवल उतनी ही जानकारी साझा करेगा, जितनी संबंधित सेवा के लिए जरूरी होगी। सरकार का मानना है कि यह व्यवस्था डेटा गोपनीयता, पारदर्शिता और उपयोगकर्ता की सहमति को और मजबूत करेगी। सरकार ने कहा कि आधार ऐप और ऑफलाइन सत्यापन इकोसिस्टम का विस्तार डिजिटल इंडिया के व्यापक उद्देश्य के अनुरूप है। लक्ष्य है कि तकनीक के माध्यम से आम नागरिकों के लिए सरकारी और सार्वजनिक सेवाओं को अधिक सुरक्षित, सरल और सुलभ बनाया जा सके। Aadhaar News