धर्मकांटा-ट्रांसपोर्ट से टोचन, अल्टीनेटर, सेल्फ और हुक सहित अन्य सामान चोरी
अप्रैल-मई के बीच कई दिनों तक सामान गायब होने का आरोप, कैमरों की जांच में ड्राइवर पर शक
हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र के रतनपुरा में धर्मकांटा और ट्रांसपोर्ट कार्यालय से वाहनों में इस्तेमाल होने वाला सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट संचालक ने अपने ही यहां काम करने वाले एक ड्राइवर पर टोचन, अल्टीनेटर, सेल्फ, रॉड, सांकल, हुक और फिल्टर सहित अन्य सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। Hanumangarh News
संगरिया थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रतनपुरा के वार्ड नंबर 10 निवासी रतीराम बुडानिया पुत्र जगदीश बुडानिया की रतनपुरा रोही में हनुमानगढ़ रोड स्थित आरटीओ चेक पोस्ट के पास धर्मकांटा और ट्रांसपोर्ट की दुकान है। परिवादी ने बताया कि अप्रैल से मई 2026 के बीच कई दिनों तक धर्मकांटा व ट्रांसपोर्ट कार्यालय से वाहनों और केन का सामान धीरे-धीरे गायब होने लगा।
परिवादी के अनुसार सामान गायब होने के बाद उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और स्टाफ से पूछताछ करने के साथ अपने स्तर पर भी जानकारी जुटाई। इस दौरान उसे पता चला कि उसके धर्मकांटा व ट्रांसपोर्ट पर काम करने वाला लाभ सिंह पुत्र नायब सिंह निवासी डबलीराठान मोलवी बास, पीएस सदर हनुमानगढ़ सामान लेकर गया। Hanumangarh News
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि लाभ सिंह ने केन के टोचन, अल्टीनेटर, सेल्फ, रॉड, सांकल, हुक और फिल्टर सहित अन्य सामान चोरी किया। इनमें से कुछ सामान उसने रतनपुरा चौराहा स्थित कैंची पर एक कबाड़ की दुकान पर बेच दिया। परिवादी ने कथित तौर पर सामान बेचने की फोटो और वीडियो भी अपने पास होने की बात कही है। रिपोर्ट के अनुसार लाभ सिंह काफी समय पहले ड्राइविंग का काम छोड़कर चला गया है।
परिवादी ने उससे कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह बातचीत नहीं कर रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक श्रवण कुमार को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कबाड़ की दुकान पर बेचे गए सामान और चोरी गए सामान की बरामदगी सहित पूरे मामले की जांच करेगी। Hanumangarh News