ज्वेलर पर हमला कर आभूषण लूटने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
ज्वेलर पर हमला कर आभूषण लूटने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। Bhiwani News: भिवानी जिला के सिवानी के डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कस्बा सिवानी निवासी अरुण सिवानी थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी पुराना बस स्टैंड सिवानी के पास उनकी ज्वेलर्स की दुकान है। 14 अगस्त को सुबह उसका भाई विक्की स्कूटी पर दुकान पर आया था और दुकान का शटर खोलने लगा। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार 03 आरोपियों ने उसके ऊपर हमला कर दिया और दो बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। इस मामले में स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का गहनता से विश्लेषण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के एएसआई कश्मीर सिंह की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सरसा के बोरखा निवासी अमनदीप, अजय, फतेहाबाद के बनगांव निवासी साहिल तथा हिसार के आदमपुर मंडी निवासी प्रिंस के रूप में हुई। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से लूटे गए सामान में से 02 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। डीएसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अजय व साहिल सिवानी में होटल पर काम कर मेहनत-मजदूरी करते थे, जबकि आरोपी प्रिंस भी होटल पर काम करता था। आरोपियों को जानकारी थी कि ज्वेलर्स संचालक रोजाना दुकान से सामान अपने घर लेकर जाता है तथा घर से सामान दुकान पर लेकर आता है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय ने आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।