स्वतंत्रता दिवस समारोह में बंतो कटारिया ने फहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में बंतो कटारिया ने फहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन

Published On

छछरौली, सच कहूं राजेंद्र कुमार।  हरियाणा अनूसूचित जाति आयोग की अध्यक्षा श्रीमती बंतो कटारिया ने नई अनाज मंडी छछरौली में आयोजित उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। 
श्रीमती बंतो कटारिया ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं दी।   उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करती हूं। इन सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली। हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है। उन्होंने उन सभी वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि दी जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के अनुरूप हम विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि आर्थिक विकास के साथ-साथ निवेश बढ़े, नए उद्योग स्थापित हों, युवाओं को रोजगार मिले, किसानों की आय बढ़े और प्रदेश के हर क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित हो। हमने उद्योगों के लिए कारोबारी वातावरण को सरल बनाया है। प्रमाण-पत्र, लाइसेंस और अनुमतियों से जुड़ी अनेक प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है।

मुख्य अतिथि ने कहा कि आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। किडनी रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कैंसर के तीसरी और चौथी स्टेज के उन रोगियों को, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है, 3,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा अन्नदाता हमारे विकास का आधार है। हरियाणा सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर करने की व्यवस्था की गई है। इनमें गेहूं, सरसों, सूरजमुखी, मसूर, धान, ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास और चना सहित अन्य फसलें शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हमारी सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाए। सरकार द्वार लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की राशि दी जा रही है। गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने एक बड़ी चुनौती नशे की भी है। नशा हमारी युवा शक्ति, परिवारों और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। राहगीरी, युवा मैराथन जैसे कार्यक्रम के माध्यम से नशे के विरुद्ध जन जागरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और प्रतिभावान युवाओं को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया है।

बंतो कटारिया ने कहा कि  युवाओं को मैरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। इसके अलावा युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए कौशल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। बजट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने से पहले आम नागरिकों से सुझाव लिए गए और उपयोगी सुझावों को बजट में शामिल किया गया। यह लोकतंत्र को केवल मतदान तक सीमित न रखकर जनभागीदारी के रूप में मजबूत करने का प्रयास है।
  छछरौली के एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड का नेतृत्व वेदपाल परेड कमांडर व कुलदीप सिंह ने किया। बीएस सीनियर सैकण्डरी स्कूल सलेमपुर खादर  के एनसीसी अंडर ऑफिसर मनन सैनी, सनराइज सीनियर सैकेण्डरी स्कूल प्रताप नगर से एनसीसी के केशव, गुर्जर कन्या विद्या मंदिर देवधर प्रेरणा, राजकीय मॉडल सांस्कृतिक सीनियर सैकेण्डरी स्कूल से एनसीसी की ज्योति, राजकीय कॉलेज छछरौली से एनसीसी के मुसकान खान, ज्वाहर नवोदय विद्यालय से एनसीसी के लक्की सूध ने नेतृत्व किया। गुर्जर कन्या विद्या मंदिर देवधर बैंड, गॉड ब्लेस पब्लिक स्कूल मुजाफत कलां बैंड ने अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि पीटी, डंबल शौ व सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने प्रथम स्थान, एनसीसी जवाहर नवोदय विद्यालय गुलाबगढ़ ने दूसरा स्थान व गुर्जर कन्या विद्या मंदिर देवधर बैंड ने तीसरा स्थान तथा एनसीसी जीएमएसएसएस छछरौली ने चौथा स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरस्वती सीनियर सैकेण्डरी स्कूल छछरौली ने प्रथम स्थान, राजकीय कन्या सीनियर सैकण्डरी स्कूल छछरौली ने दूसरा स्थान तथा डीएसएसआर सेकेंडरी स्कूल सलेमपुर खादर से तीसरा स्थान तथा खालसा सीनियर सैकण्डरी स्कूल छछरौली ने चौथा स्थान प्राप्त किया ।
इस मौके पर पूर्व विधायक अर्जुन सिंह,  डीएसपी पूजा, बीडीपीओ कार्तिक चौहान, नायब तहसीलदार आनंद रावल, नम्बरदार संजीव सैनी, मार्किट कमेटी के चेयरमैन कैलाश चंद शर्मा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव गोयल, अमित खदरी व अमित, सहित बीजेपी के कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About The Author

Related Posts