शिक्षा और रोजगार
स्वतंत्रता दिवस पर जाखल बंद, रेलवे निर्माण के खिलाफ किसानों-व्यापारियों का प्रदर्शन
काले झंडे लेकर निकाला रोष मार्च, धान सीजन से पहले वैकल्पिक रास्ते की मांग; समाधान नहीं हुआ तो रोड जाम और रेल रोको की चेतावनी
जाखल, (तरसेम सिंह)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां देशभर में तिरंगे के साथ आजादी का पर्व मनाया गया, वहीं रेलवे निर्माण कार्यों के कारण आवागमन की समस्या से परेशान जाखल के किसानों, व्यापारियों, मजदूरों और ट्रांसपोर्टरों ने जाखल बंद कर रोष जताया। विभिन्न संगठनों के आह्वान पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शहर बंद रहा। व्यापारियों ने बंद को समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में काले झंडे लेकर मुख्य बाजारों और अग्रसेन चौक पर रोष मार्च निकाला। आंदोलन का नेतृत्व किसान नेता लाभ सिंह, हरविंदर सिंह, नसीब सिंह और बलकार सिंह ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जाखल-भूना मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज तथा जाखल-तलवाड़ा मार्ग पर अंडरब्रिज के निर्माण के चलते आवागमन प्रभावित है। बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे किसानों और व्यापारियों का समय तथा डीजल खर्च बढ़ रहा है।
धान सीजन को लेकर बढ़ी चिंता
किसानों ने कहा कि आगामी धान सीजन में अनाज मंडी तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ जाएगी। यदि समय रहते वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों को फसल मंडी तक पहुंचाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय निवासी कांत जैन, विक्की और दीपक कुमार ने कहा कि समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं निकला।
15 सदस्यीय कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था नहीं की गई तो आगामी बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। इसमें रोड जाम और रेल रोको आंदोलन जैसे कदम उठाने का निर्णय लिया जा सकता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि आवागमन की समस्या का समाधान करवाना है।