जंगल में एक फंदे पर लटके मिले युवक-युवती के शव, जांच में जुटी पुलिस

शव मिलने से इलाके में हड़कंप

Published On

Chhattisgarh Crime: सूरजपुर (हि.स.)। सरगुजा/सूरजपुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा के नजदीक कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में मंगलवार सुबह युवक और युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। Surajpur News

मृत युवक की पहचान ग्राम खड़गवां कला निवासी मूलचंद्र के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान अभी नहीं हो पाई है। एक ही फंदे पर दोनों के शव मिलने के कारण पुलिस ने प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध से जुड़े पहलू को भी शामिल किया है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

जंगल गए ग्रामीणों ने देखे शव

जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल में खुखड़ी एकत्र करने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर लटके युवक और युवती के शवों पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। Surajpur News

पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटा रहे हैं। जांच पूरी करने के बाद दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी मिली है। पुलिस वाहन और मौके से बरामद अन्य वस्तुओं के आधार पर मृतकों की पहचान तथा उनके जंगल तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। Surajpur News

युवती की पहचान के प्रयास जारी

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती कौन है और उसका मृत युवक से क्या संबंध था। मृतकों के पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण सामग्री मिली है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक दोनों की मौत सोमवार के आसपास हुई हो सकती है। हालांकि, मृत्यु का सही समय और परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगी।

एक ही फंदे पर दोनों के शव मिलने के कारण पुलिस प्रेम प्रसंग की आशंका को भी जांच का हिस्सा मान रही है। इसके साथ ही अन्य संभावित कारणों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह के अनुसार, जंगल में युवक-युवती के शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची है। दोनों की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं और मामले से जुड़े सभी जरूरी पहलुओं की जांच की जा रही है। Surajpur News

About The Author

Related Posts