साध-संगत ने स्कूल ग्राउंड की साफ-सफाई कर बच्चों के लिए बनाया सुरक्षित खेल मैदान
साध-संगत ने स्कूल ग्राउंड की साफ-सफाई कर बच्चों के लिए बनाया सुरक्षित खेल मैदान
मोहाली (सच कहूँ/एम.के शायना)। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर चलते हुए ब्लॉक मोहाली की साध-संगत ने मानवता भलाई का एक और सराहनीय कार्य किया। साध-संगत ने गवर्नमेंट प्राइमरी/मिडिल स्मार्ट स्कूल, फेज-10, मोहाली के ग्राउंड की सफाई की। जिम्मेवार सेवादारों ने बताया कि स्कूल के ग्राउंड में लंबे समय से घास और झाड़ियों की कटाई नहीं हुई थी। बीते दिनों स्कूल में पौधारोपण करने के बाद स्कूल प्रिंसिपल ने साध-संगत से ग्राउंड की साफ-सफाई करवाने की अपील की थी। लंबे समय से घास की कटाई न होने के कारण वहाँ बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई थीं।
जिससे बच्चों को खेल के मैदान में खेलने में परेशानी हो रही थी। साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया था। स्कूल प्रिंसिपल की अपील पर मोहाली ब्लॉक की साध-संगत ने आगे बढ़कर स्कूल ग्राउंड में उगी झाड़ियों और घास की सफाई करवाई। इस कार्य से बच्चों को एक साफ-सुथरा और सुरक्षित खेल मैदान उपलब्ध हो पाया। स्कूल प्रबंधन ने साध-संगत के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।