Snake News: मानसून में सांप के काटने का खतरा ज्यादा, सांप के काटने पर पहला 1 घंटा अहम

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की जरूरी सलाह, NHM ने बताया क्या करें और क्या नहीं

Published On

Snake Bite Alert: लखनऊ (एजेंसी)। मानसून के दौरान बारिश और जलभराव के कारण सांपों के रिहायशी इलाकों में पहुंचने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। घरों, खेतों, बगीचों और सड़क किनारे सांप दिखाई देने के साथ ही सर्पदंश के मामले भी सामने आते हैं। इसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने लोगों को सावधानी बरतने और सर्पदंश की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की सलाह दी है। स्वास्थ्य मिशन ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा है कि सर्पदंश के बाद शुरुआती एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है। इसलिए काटने के बाद लक्षणों का इंतजार करने या घरेलू उपचार आजमाने के बजाय व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल ले जाना चाहिए। Snake News

सर्पदंश के ये लक्षण दिखें तो रहें सतर्क

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सांप के काटने के बाद कुछ प्रमुख संकेत दिखाई दे सकते हैं। इनमें शामिल हैं—

  • काटने की जगह पर दो छोटे छेद जैसे निशान
  • घाव से रक्तस्राव या तरल पदार्थ निकलना
  • काटे गए स्थान पर सूजन और तेज दर्द
  • जलन या आसपास की त्वचा में बदलाव
  • सांस लेने में परेशानी
  • आवाज में बदलाव या भारीपन

इनमें से कोई भी गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेना जरूरी है। Snake News

सांप काटे तो सबसे पहले क्या करें?

  • सर्पदंश होने पर पीड़ित को घबराने से बचाएं और उसे अनावश्यक रूप से चलने-फिरने न दें। शरीर की गतिविधि कम रखने से जहर के संभावित प्रसार को धीमा करने में मदद मिल सकती है।
  • अगर काटे गए व्यक्ति ने घड़ी, अंगूठी, कड़ा या कोई अन्य कसाव वाली वस्तु पहन रखी है तो सूजन बढ़ने से पहले उसे सावधानीपूर्वक हटा दें। इसके बाद व्यक्ति को जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं।
  • पीड़ित को अकेला छोड़ने के बजाय उसकी सांस और सामान्य स्थिति पर नजर बनाए रखना भी जरूरी है। यदि उल्टी हो रही हो तो उसे सुरक्षित करवट में लिटाना चाहिए, ताकि सांस की नली में उल्टी जाने का खतरा कम हो।

इन घरेलू उपायों से बचें

सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक, जड़ी-बूटी या अन्य पारंपरिक उपचारों के भरोसे अस्पताल पहुंचने में देरी नहीं करनी चाहिए। घाव को काटना, चूसना या ऐसे किसी उपाय को अपनाना नुकसानदायक हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, जहरीले सांप के जहर के प्रभाव को रोकने या कम करने के लिए एंटीवेनम प्रभावी उपचार है और यह आवश्यक दवाओं की सूची में शामिल है। इसलिए संदिग्ध जहरीले सांप के काटने पर चिकित्सकीय देखभाल में देरी नहीं करनी चाहिए। Snake News

मानसून में कैसे रखें सावधानी?

बारिश के मौसम में घर के आसपास जमा पानी, कूड़ा-कचरा और घनी झाड़ियों को साफ रखें। रात में बाहर निकलते समय पर्याप्त रोशनी का इस्तेमाल करें और खेतों या ऐसे स्थानों पर जाते समय पैरों को ढकने वाले जूते पहनें, जहां सांप मिलने की आशंका हो।

महत्वपूर्ण: सर्पदंश एक चिकित्सकीय आपातस्थिति हो सकती है। सांप के काटने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत चिकित्सा केंद्र पहुंचना सबसे जरूरी कदम है। Snake News

About The Author

Related Posts