फतेहाबाद में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल: भाजपा व कांग्रेस नेताओं के दफ्तरों के बाहर सड़क पर पलटी कचरे से भरी ट्रॉली 

फतेहाबाद में सफाई व्यवस्था ठप, नेताओं के कार्यालयों के बाहर सड़क पर कचरा ही कचरा

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। Fatehabad News: नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 14वें दिन में प्रवेश कर चुकी है, लेकिन शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर चल रहा विवाद अब और अधिक गहरा गया है। बुधवार को फतेहाबाद में उस समय स्थिति हंगामेदार हो गई, जब सफाई कर्मचारियों ने पूर्व विधायक व भाजपा नेता दुड़ा राम तथा कांग्रेस जिला प्रधान अरविंद शर्मा के कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए कचरे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को दोनों नेताओं के दफ्तरों के बीचों-बीच मुख्य सड़क पर ही पलट दिया। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को सूचना मिली थी कि हड़ताल के बावजूद भाजपा नेता दुड़ा राम और कांग्रेस जिला प्रधान अरविंद शर्मा के कार्यालयों के बाहर से ट्राली में कचरे के ढेर उठाए जा रहे हैं। इस बात से नाराज होकर भारी संख्या में सफाई कर्मचारी मौके पर इकट्ठा हो गए। शुरूआत में कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर असमंजस था कि यह क्षेत्र मार्केट कमेटी के अंतर्गत आता है, इसलिए यहां सीधा विरोध प्रदर्शन न किया जाए। 

हालांकि, जैसे-जैसे मौके पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ती गई, उनका गुस्सा भी फूट पड़ा। देखते ही देखते कर्मचारियों ने उग्र रूप धारण कर लिया और कचरे से भरी ट्रॉली को सड़क पर ही खाली कर दिया। सड़क पर कचरा डालते ही दोनों नेताओं के दफ्तरों के आसपास दुर्गंध फैल गई और यातायात भी बाधित हो गया।

आज विधायक कार्यालय का घेराव

कर्मचारी नेताओं ने ऐलान किया कि सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में 20 अगस्त को सफाई कर्मचारी जोरदार प्रदर्शन करेंगे और विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया के कार्यालय पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपेंगे।

जब तक मांगें स्वीकार नहीं तब तक जारी रहेगा आंदोलन

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि जब तक सरकार और प्रशासन उनकी मांगें पूरी नहीं करते, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे और शहर में कहीं से भी कूड़ा नहीं उठाने दिया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को जल्द स्वीकार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।दूसरी ओर, पिछले दो हफ्तों से जारी इस हड़ताल के कारण पूरे फतेहाबाद शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीती श्याम आई बरसात के कारण स्थिति और भी बदतर हो गई है।   

Fatehabad News

About The Author

Related Posts