शिक्षा और रोजगार
हथियार की निशानदेही कराने पहुंची पुलिस पर फायरिंग, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल
पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल, काबू
कुरुक्षेत्र (सच कहूँ ब्यूरो)। Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र के एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के घर से डकैती वारदात में निशानदेही कराने आई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों ने खाली प्लॉट की झाड़ियों में हथियार छिपाए थे, जैसे ही पिस्टल हाथ लगी फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। वारदात में शामिल हथियार को भी बरामद कर लिया है। इस दौरान दोनों तरफ से 7 राउंड फायरिंग हुई। घायल बदमाशों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपराध शाखा 1 के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रतीक का कहना है कि दोनों बदमाशों ने 6 अगस्त को एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के घर से डकैती की थी। बदमाश करीब सवा तीन करोड़ रुपए कीमत की ज्वेलरी, लाइसेंसी रिवॉल्वर और कैश ले गए थे। डकैती के बाद से ही पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी। 10 अगस्त को सीआईए की टीमों ने आरोपी पानीपत के कमल और सोनीपत के साहिल व अंश जैन उर्फ लाला को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इन आरोपियों से 5.5 लाख रुपए बरामद किए थे। सभी को अदालत में पेश कर 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
झाड़ियों में छिपाए गए थे हथियार
सीआईए -1 इंस्पेक्टर प्रतीक ने बताया कि कमल और साहिल से पूछताछ के बाद पुलिस दोनों को मंगलवार रात उमरी चौक के पास फ्लावर सिटी लेकर पहुंची। यहां एक खाली प्लाट की झाड़ियों में हथियार छिपाए गए थे। आरोपियों की निशानदेही के लिए पुलिस ने जैसे ही हथियारों की तलाश शुरू की आरोपियों ने पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इंस्पेक्टर प्रतीक के अनुसार, आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस की क्रॉस फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। अब अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
बता दें कि बदमाशों ने करीब 20 लाख कैश, डेढ़ से दो किलो सोने के जेवर, 4 किलो चांदी के जेवर, लाइसेंसी रिवॉल्वर, 30 कारतूस और अन्य कीमती सामान लूटा था। मामले में पुलिस वारदात में शामिल पानीपत के प्रिंस उर्फ पंछी और गन्नौर निवासी शिव कुमार उर्फ शिब्बा को भी गिरफ्तार कर चुकी है। इंस्पेक्टर प्रतीक कुमार ने बताया कि प्रिंस के कब्जे से सोने-चांदी की ज्वेलरी, मूर्तियां, साढ़े 4 लाख रुपए कैश और वारदात में शामिल गाड़ी बरामद की गई थी। वहीं शिव कुमार से 1 लाख रुपए कैश बरामद हुए। पुलिस अब तक आरोपियों के पास से 15 लाख रुपए कैश बरामद कर चुकी है।