शिक्षा और रोजगार
जाखल में रेलवे निर्माण से बंद रास्तों पर डीसी ने लिया संज्ञान, अस्थायी मार्ग की कवायद तेज
डीसी डॉ. विवेक भारती ने रेलवे व पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ की बैठक, मौके पर पहुंचकर ओवरब्रिज व अंडरपास का किया निरीक्षण
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: जाखल में रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास निर्माण के चलते लंबे समय से बंद पड़े रास्तों की समस्या को लेकर बुधवार को प्रशासन और किसान संगठनों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। उपायुक्त फतेहाबाद डॉ. विवेक भारती की अध्यक्षता में हुई बैठक में टोहाना के एसडीएम, रेलवे विभाग तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति हरियाणा के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के बाद डीसी ने जाखल पहुंचकर निर्माणाधीन ओवरब्रिज, अंडरपास और बंद रास्तों का मौके पर निरीक्षण भी किया। डीसी डॉ. विवेक भारती के साथ एसडीएम आकाश शर्मा, डीएमसी प्रवीण कुमार, डीएसपी नर सिंह, कार्यकारी अभियंता राहुल चहल, नायब तहसीलदार रशवेंद्र सिंह सहित रेलवे विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
किसान प्रतिनिधियों ने डीसी के समक्ष कहा कि रास्ते बंद होने से जाखल ब्लॉक के करीब 25 गांवों का शहर से संपर्क प्रभावित हो रहा है। किसानों, व्यापारियों, मजदूरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने निर्माण कार्य पूरा होने तक तत्काल सुगम अस्थायी वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध करवाने की मांग रखी। बैठक में तलवाड़ा अंडरपास के पास से अस्थायी रास्ता उपलब्ध करवाने की संभावना पर भी चर्चा हुई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी एवं जमीनी स्थिति का आकलन कर जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए।
जाखल अंडरपास में जल्द लगेंगी लाइटें
किसान प्रतिनिधियों ने जाखल गांव से शहर को जोड़ने वाले वर्तमान अंडरपास में पर्याप्त रोशनी नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। डीसी ने अधिकारियों को जल्द आवश्यक लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं किसान नेताओं ने बताया कि रास्ते बंद होने के कारण रेलवे परिसर से होकर आवागमन करने वाली निजी व सरकारी बसों के आरपीएफ द्वारा चालान किए जाने की शिकायत भी रखी गई। उन्होंने मांग की कि अस्थायी रास्ता उपलब्ध होने तक बसों को राहत दी जाए।
प्रशासन की ओर से रेलवे और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ वैकल्पिक रास्ते का समाधान प्राथमिकता से निकालने के निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा निर्माण कार्य भी निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जमालपुर अंडरपास सितंबर में खोलने तथा रेलवे ओवरब्रिज का कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डीसी ने कार्य की गुणवत्ता के साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान किसान संघर्ष समिति के ब्लॉक प्रधान लाभ सिंह उदयपुर, हरविंदर बेनीपाल, ब्लॉक सचिव नसीब सिंह, बलकार सिंह तथा पूर्व सरपंच अंग्रेज सिंह, समाजसेवी आदित्य बंसल, सरपंच अमरीक ग्रेवाल, हरमेश शर्मा इत्यादि मंडी के गणमान्य लोगों सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
