शिक्षा और रोजगार
Karate Championship: प्रताप स्कूल के कराटे खिलाड़ियों ने जीते 9 पदक
4 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया स्कूल का गौरव
खरखौदा, सच कहूं। गोहाना में आयोजित जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में प्रताप स्कूल के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में 50-55 किलोग्राम भार वर्ग में कुणाल राठी ने रजत पदक जीता। अंडर-18 वर्ग में 68-76 किलोग्राम में शुभम तथा +76 किलोग्राम में निखिल डबास ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
अंडर-16 वर्ग में -47 किलोग्राम में तन्या तथा +70 किलोग्राम में हर्षित ने स्वर्ण पदक जीते। अंडर-14 वर्ग में +55 किलोग्राम में कार्तिक धमिया ने रजत, 50-55 किलोग्राम में ताविश यादव ने कांस्य, 35-40 किलोग्राम में समीक्ष मान ने रजत तथा -35 किलोग्राम में दक्ष ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन हरियाणा स्टेट स्कूली प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
पदक विजेता खिलाड़ियों का विद्यालय पहुंचने पर द्रोणाचार्य अवार्डी ओम प्रकाश दहिया, प्राचार्या दया दहिया, एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया तथा कराटे कोच जगमेंदर पंचाल ने जोरदार स्वागत किया और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, प्रशिक्षकों, अभिभावकों को दिया।