Traffic Challan: यातायात नियमों की अनदेखी पर 174 वाहनों का चालान, 6 वाहन किये जब्त
Traffic Challan: यातायात नियमों की अनदेखी पर 174 वाहनों का चालान, 6 वाहन किये जब्त
हरिद्वार, (एजेंसी)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए रुड़की क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मंगलवार को जांच अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 174 चालान किये गये और छह वाहनों को जब्त कर लिया गया। यातायात पुलिस रुड़की ने डम डम चौक, रोडवेज बस अड्डा, मंगलौर बस अड्डा और रामनगर चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जांच की।
जांच अभियान के दौरान नाबालिग द्वारा वाहन चलाने का एक मामला, रेट्रो साइलेंसर के तीन मामले, नशे में वाहन चलाने का एक मामला और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने का एक मामला सामने आया। इन समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में छह वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।