जीएसटी अधिकारियों पर व्यापारियों से अवैध वसूली के आरोप, भ्रष्टाचार पर सख्ती की मांग

जीएसटी अधिकारियों पर व्यापारियों से अवैध वसूली के आरोप, भ्रष्टाचार पर सख्ती की मांग

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं कॉन्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने पंचकूला में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग के एक अधिकारी की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तारी के मामले पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जीएसटी विभाग के कुछ अधिकारी व्यापारियों को जांच और कार्रवाई का डर दिखाकर खुलेआम परेशान कर रहे हैं तथा उनसे अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं। गर्ग ने बताया कि पंचकूला में एक व्यापारी से 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इस मामले में संबंधित अधिकारी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना सरकारी विभागों में फैले भ्रष्टाचार की गंभीर स्थिति को उजागर करती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में कई जगह जीएसटी अधिकारी व्यापारियों तथा उद्योगपतियों को चेकिंग का भय दिखाकर उनसे पैसे ऐंठ रहे हैं। पहले से ही व्यापारी जीएसटी की जटिल प्रक्रियाओं, बार-बार जारी होने वाले नोटिस और सरकारी नियमों के कारण परेशान हैं। ऐसे में यदि विभाग के अधिकारी ही रिश्वत मांगने लगें तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। गर्ग ने कहा कि देश का व्यापारी ईमानदारी से सरकार को करोड़ों रुपये का टैक्स देता है और लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाता है। इसके बावजूद उसे सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि जीएसटी विभाग में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। रिश्वतखोरी में शामिल अधिकारियों और अपने पद का दुरुपयोग कर व्यापारियों को परेशान करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। साथ ही ऐसी पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे कोई भी अधिकारी जांच के नाम पर व्यापारियों का शोषण न कर सके।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts