Bulldozer Action: कैराना में अवैध प्लॉटिंग पर गरजा प्राधिकरण का बुलडोजर, 10 बीघा की कॉलोनी ध्वस्त

कस्बे के मायापुर रोड पर बिना स्वीकृत मानचित्र विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर एमडीए की बड़ी कार्रवाई, तीतरवाड़ा रोड पर व्यावसायिक निर्माण किया सील

Published On

कैराना, सच कहूँ/संदीप इन्सां। Kairana News: कस्बे में नियमों को ताक पर रखकर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने मायापुर रोड स्थित मोहल्ला इस्लामनगर में करीब 10 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा, तीतरवाड़ा रोड पर करीब 570 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किए गए व्यावसायिक निर्माण को भी सील कर दिया गया है। इस दौरान प्राधिकरण के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।

मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सहारनपुर मंडलायुक्त की प्रेरणा एवं प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रणता ऐश्वर्या के आदेशों के अनुपालन में गुरुवार को कैराना विकास क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान प्राधिकरण की टीम मोहल्ला इस्लामनगर स्थित मायापुर रोड पर पहुंची। जहां खसरा संख्या-542, 582 और 584 की करीब 10 बीघा भूमि पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण के अनुसार, उक्त भूमि पर जमशेद वकील पुत्र ईजराईल, जरीना पत्नी जमशेद, अमजद पुत्र जमशेद, अरशद पुत्र जमशेद और बिलाल पुत्र नवाब द्वारा अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। पूर्व में नियमानुसार कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद भू-स्वामियों और प्लॉटिंगकर्ताओं ने अवैध विकास कार्य नहीं हटाए। इसके चलते गुरुवार को प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लॉटिंग से संबंधित निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

तीतरवाड़ा रोड पर 570 वर्गमीटर का व्यावसायिक निर्माण सील

अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही प्राधिकरण की टीम ने तीतरवाड़ा रोड पर भी अभियान चलाया। यहां दीपक सैनी पुत्र ब्रजपाल द्वारा करीब 570 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किए गए व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। प्राधिकरण के अनुसार, संबंधित निर्माण के विरुद्ध भी पहले नोटिस जारी किया गया था। चालानी कार्रवाई के बाद सीलिंग के आदेश पारित किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण को नियमानुसार नहीं हटाया गया। इस पर प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई की।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाया निर्माण, टीम ने की कार्रवाई

प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया कि दोनों मामलों में संबंधित भू-स्वामियों और निर्माणकर्ताओं को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। नियमानुसार चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग के आदेश भी निर्गत किए गए थे। आदेशों के बावजूद संबंधित स्थलों से अवैध प्लॉटिंग और निर्माण नहीं हटाए जाने के कारण प्राधिकरण को कार्रवाई करनी पड़ी।

अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद रहा पुलिस बल

अवैध प्लॉटिंग के ध्वस्तीकरण और व्यावसायिक निर्माण की सीलिंग के दौरान मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्रवाई को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय थाने का पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। वहीं, प्राधिकरण ने गुरुवार को कैराना विकास क्षेत्र में एक स्थल पर करीब 10 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त करने तथा दूसरे स्थल पर व्यावसायिक निर्माण सील करने की कार्रवाई की पुष्टि की है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts