चार साल में बदली गाजियाबाद की पुलिसिंग, लूट में 84 प्रतिशत और स्नैचिंग में 62 प्रतिशत की कमी
अपराध नियंत्रण के साथ नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और जनकेंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराना उद्देश्य :जे. रविंद्र गौड़
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह )। Ghaziabad News: देश की राजधानी दिल्ली से सटे जनपद में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के चार साल में गाजियाबाद की पुलिसिंग में व्यापक बदलाव आया है। 26 नवंबर 2022 को लागू हुई इस व्यवस्था के तहत अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत किया गया है। पुलिस की ओर से जारी उपलब्धियों के अनुसार, वर्ष 2022 की तुलना में 2026 में लूट की घटनाओं में 84.1 प्रतिशत, गोवध में 83.7 प्रतिशत, स्नैचिंग में 61.76 प्रतिशत और नकबजनी में 61.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
कमिश्नरेट क्षेत्र को तीन जोन में बांटकर कुल 2131 बीट बनाई गई हैं। इनमें 941 बीट उपनिरीक्षक और 1431 बीट पुलिसकर्मी तैनात हैं। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत दिसंबर 2022 से 15 नवंबर 2026 तक 430 पुलिस मुठभेड़ों में 681 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 496 घायल हुए और 14 की मौत हुई। गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की 334 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई।
महिला अपराधों में 44 प्रतिशत गिरावट का दावा
महिला सुरक्षा के लिए 20 पिंक बूथ और सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क संचालित हैं। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2023-24 की तुलना में 2025-26 में महिला संबंधी कुल अपराधों में 44 प्रतिशत की कमी आई है। बलात्कार के मामलों में 84 प्रतिशत, दहेज मृत्यु में 23 प्रतिशत और महिला उत्पीड़न में 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। महिला वालंटियर फोर्स से 715 महिलाएं जुड़ी हैं।
साइबर ठगी के 43.30 करोड़ रुपये कराए सुरक्षित
साइबर अपराधों पर कार्रवाई के तहत 12,563 बैंक खाते फ्रीज कर करीब 43.30 करोड़ रुपये सुरक्षित कराए गए। 327 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने 24,370 मोबाइल हैंडसेट, 14,652 आईएमईआई नंबर, 196 यूआरएल और 23 वेबसाइट ब्लॉक कराईं। साइबर अपराधों से बचाव के लिए 753 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया।
यूपी-112 का रिस्पांस टाइम घटकर 4 मिनट 41 सेकेंड
आपातकालीन सेवा यूपी-112 का औसत रिस्पांस टाइम वर्ष 2022 के 8 मिनट 15 सेकेंड से घटकर 2026 में 4 मिनट 41 सेकेंड रह गया। कॉलर संतुष्टि का आंकड़ा भी 76.76 से बढ़कर 90.14 प्रतिशत हुआ है। पीआरवी वाहनों की संख्या 94 से बढ़ाकर 102 और पुलिसकर्मियों की संख्या 514 से बढ़ाकर 763 की गई है।
ऑपरेशन सवेरा: 2.55 लाख से अधिक बुजुर्गों का पंजीकरण
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन सवेरा के तहत 2.55 लाख से अधिक बुजुर्गों का पंजीकरण किया गया। वहीं, वादी संवाद दिवस के माध्यम से सितंबर 2025 से नवंबर 2026 तक 16,423 वादियों को उनके मुकदमों की प्रगति की जानकारी दी गई। पासपोर्ट, चरित्र और किरायेदारी सत्यापन के 35,807 आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया।
41 प्रमुख स्थलों पर 870 सीसीटीवी कैमरों से व्यापक निगरानी
गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था के लिए तीन जोन और नौ सब-जोन बनाए गए हैं। शहर के 41 प्रमुख स्थलों पर 870 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 10 प्रतिशत कमी आने का दावा भी पुलिस ने किया है। पुलिसकर्मियों की सुविधाओं के लिए आवास, बैरक और कार्यालयों के नवीनीकरण के साथ डिजिटल प्रबंधन व्यवस्था विकसित की गई है। गाजियाबाद पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ का कहना है कि इन प्रयासों का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और जन केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराना है।
Comments